नगर पालिका शिवपुर-चरचा की नवपदस्थ मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती मुक्ता सिंह चौहान ने संभाला पदभार......., अध्यक्ष अरुण जायसवाल ने किया स्वागत........



नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट 

कोरिया चरचा कालरी ........नगर पालिका परिषद शिवपुर-चरचा की नवपदस्थ मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) श्रीमती मुक्ता सिंह चौहान ने बुधवार को नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर विधिवत अपना पदभार ग्रहण किया व नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कुमार जायसवाल से सौजन्य भेंट की।

नगर पालिका अध्यक्ष कक्ष में आयोजित स्वागत समारोह में अध्यक्ष अरुण कुमार जायसवाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर श्रीमती चौहान का आत्मीय स्वागत किया तथा उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष राजेश सिंह, वरिष्ठ पार्षद श्रीमती रामकली पाल, धर्मपाल, आलोक चक्रधारी (उप अभियंता), हरीश जायसवाल, आर.के. सिंह, राजकिशोर सिंह, महेंद्र पाल,  राजेंद्र पाल, बबलू सिंह, काके, मनोज विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

नवनियुक्त मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती मुक्ता सिंह चौहान इससे पूर्व सूरजपुर, कोरिया एवं एमसीबी (मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर) जिलों में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। प्रशासनिक अनुभव एवं कार्यकुशलता के कारण उनसे शिवपुर-चरचा नगर पालिका के विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती मुक्ता सिंह चौहान ने कहा कि नगर पालिका का प्रत्येक कार्य पूरी पारदर्शिता, जवाबदेही तथा शासन के निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा। शिवपुर-चरचा नगर के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए हम सभी प्रतिबद्ध हैं। विकास कार्यों को गति देने में नगर पालिका के सभी पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, एसईसीएल प्रबंधन तथा नगरवासियों का सहयोग एवं रचनात्मक सुझाव हमारे लिए महत्वपूर्ण रहेगा। जनहित सर्वोपरि रखते हुए नगर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्राथमिकता के साथ कार्य किया जाएगा।"

नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कुमार जायसवाल ने कहा कि नगर पालिका शिवपुर-चरचा विकास के नए दौर में प्रवेश कर रही है। हमें विश्वास है कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती मुक्ता सिंह चौहान के प्रशासनिक अनुभव का लाभ नगर को मिलेगा। जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और एसईसीएल प्रबंधन के समन्वय से नगर के अधूरे विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी पहल की जाएगी। नगरहित के प्रत्येक कार्य में नगर पालिका परिषद पूर्ण सहयोग प्रदान करेगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने भी नवपदस्थ मुख्य नगर पालिका अधिकारी का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ