कोरिया बैकुंठपुर / ग्राम बुड़ार में जिलास्तरीय सुशासन तिहार के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में 19 गांवों के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर विभिन्न मांगों एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भईया लाल राजवाड़े ने प्रधानमंत्री आवास, महतारी वंदन योजना, नल-जल योजना, बिजली कनेक्शन, पेयजल, खाद एवं बीज जैसी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने राजस्व संबंधी मामलों के अधिक आवेदन आने पर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को भूमि विवादों, समस्याओं का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने स्वयं ग्रामीणों से आवेदन लेकर उनकी समस्याएं सुनीं तथा मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। दिव्यांग प्रमाणपत्र नहीं बनने की शिकायत पर संबंधित चिकित्सक को शीघ्र प्रमाणपत्र जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
शिविर में हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड, जन्म प्रमाणपत्र, फूड बास्केट, आइस बॉक्स सहित विभिन्न सामग्री वितरित की गई। वहीं दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को ट्राइसाइकिल और छड़ियां प्रदान की गईं। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास निर्माण पूर्ण करने वाले हितग्राहियों को ‘खुशियों की चाबी’ और अभिनंदन पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना राजवाड़े, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गीता राजवाड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ