सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का असर..... जिला शिक्षा अधिकारी एवं उपसंचालक कोरिया ने शिवपुर-चरचा क्षेत्र के कोचिंग सेंटरों का किया निरीक्षण.... छात्रहित में संचालकों को दिया आवश्यक दिशा निर्देश.... .



नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट 

कोरिया चरचा कालरी ..........माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निजी कोचिंग संस्थानों में छात्र सुरक्षा, पंजीयन, शिकायत निवारण तंत्र एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सुरक्षा उपायों को लेकर दिए गए निर्देशों के अनुपालन में जिला शिक्षा विभाग द्वारा नगर पालिका शिवपुर-चरचा क्षेत्र में संचालित कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया।जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार गुप्ता एवं बी. कौशिक उपसंचालक शिक्षा   ने नगर पालिका शिवपुर चर्चा क्षेत्र में संचालित कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण कर वहां की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कोचिंग संस्थानों के संचालकों से शासन एवं माननीय न्यायालय द्वारा निर्धारित विभिन्न दिशा-निर्देशों के संबंध में जानकारी ली गई तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने  चरचा क्षेत्र के द्विवेदी क्लासेस एवं अली कोचिंग सेंटर का भी जायजा लिया गया। दोनों संस्थानों के संचालकों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के निरीक्षण में पूर्ण सहयोग प्रदान करते हुए छात्र हित में आवश्यक दिशा-निर्देशों का शीघ्र पालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के कुछ बिंदुओं की जानकारी कोचिंग संचालकों को पूर्व में स्पष्ट रूप से नहीं थी। अधिकारियों द्वारा उन्हें आवश्यक प्रावधानों एवं छात्र सुरक्षा से जुड़े दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। इसके बाद दोनों संस्थानों के संचालकों ने तत्काल पहल करते हुए सभी आवश्यक मानकों को पूरा करने की बात कही।

माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत निजी कोचिंग संस्थानों में विद्यार्थियों की सुरक्षा, उनके हितों की रक्षा, शिकायतों के निराकरण तथा मानसिक स्वास्थ्य को लेकर निर्धारित सुरक्षा उपायों का पालन सुनिश्चित किया जाना है। शिक्षा विभाग द्वारा किए गए इस निरीक्षण को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

जिला शिक्षा अधिकारी  ने कोचिंग संचालकों को स्पष्ट किया कि छात्र हित सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन प्रत्येक कोचिंग संस्थान के लिए आवश्यक होगा। अधिकारियों ने संस्थान संचालकों से अपेक्षा की कि वे विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं शीघ्र पूर्ण करें।

शिक्षा विभाग के इस निरीक्षण से क्षेत्र में संचालित कोचिंग संस्थानों में भी शासन के नए दिशा-निर्देशों को लेकर जागरूकता बढ़ी है। संचालकों ने भी विभागीय अधिकारियों के समक्ष सहयोग का भरोसा दिलाते हुए निर्धारित मापदंडों का पालन करने की प्रतिबद्धता जताई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ