बैकुंठपुर के कांवड़ियों का रामानुजगंज में आत्मीय स्वागत, कांवरिया सेवा समिति ने की सेवा


कोरिया बैकुंठपुर ।  सावन माह में बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर जलाभिषेक के लिए कांवड़ यात्रा पर निकले बैकुंठपुर के कांवड़ियों का रामानुजगंज में आत्मीय स्वागत किया गया। कांवड़ियों के रामानुजगंज पहुंचने पर कांवरिया सेवा समिति एवं नगरवासियों द्वारा उनकी सेवा की गई।

कांवड़ियों के रामानुजगंज पहुंचने पर समिति के सदस्यों एवं सेवा में जुटे लोगों ने उनका स्वागत करते हुए उनकी यात्रा की जानकारी ली और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराईं। लंबी दूरी की यात्रा कर रहे कांवड़ियों को भोजन, शीतल पेयजल एवं विश्राम की सुविधा उपलब्ध कराई गई। सेवा के दौरान कांवड़ियों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखा गया, ताकि उन्हें यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

रामानुजगंज वर्षों से देवघर जाने वाले कांवड़ियों की सेवा और स्वागत के लिए अपनी अलग पहचान रखता है। सावन माह में नगर से होकर गुजरने वाले कांवड़ियों के लिए संयोजक रमन अग्रवाल के अगुआई में सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, युवाओं एवं श्रद्धालुओं द्वारा मिलकर सेवा कार्य किए जाते हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बैकुंठपुर से आए कांवड़ियों की सेवा की गई।

सेवा समिति के सदस्यों ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, श्रद्धा और भक्ति की यात्रा है। दूर-दराज से आने वाले शिवभक्तों की सेवा करना सौभाग्य की बात है। रामानुजगंज से गुजरने वाले प्रत्येक कांवड़िए को सुविधा और सहयोग मिले, इसके लिए समिति एवं नगरवासी लगातार प्रयासरत हैं।

बैकुंठपुर के कांवड़ियों ने रामानुजगंज में मिले स्वागत और सेवा के लिए समिति तथा नगरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान इस तरह की सेवा से कांवड़ियों को काफी राहत मिलती है और उनमें नई ऊर्जा का संचार होता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ