हायर सेकेंडरी स्कूल नगर मे- हरेली पर्व पर वृक्षारोपण एवं साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित



कोरिया बैकुंठपुर । हरेली पर्व के पावन अवसर पर शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल नगर में वृक्षारोपण एवं साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सौभाग्यवती सिंह के उपस्थिति में  विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार के साथ हरेली पर्व की खुशियां साझा की गईं। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत के सरपंच मोतीराम , शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष  शंकर प्रसाद मिश्रा,  रामकृष्ण शर्मा,  राजीव शर्मा तथा विद्यालय के प्राचार्य  जितेन्द्र मिश्रा जी उपस्थित रहे। इसके साथ ही विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

हरेली पर्व के अवसर पर विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए विभिन्न पौधे रोपे। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करना और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करना हम सभी की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को भी अपने आसपास हरियाली बढ़ाने तथा प्रकृति के संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइकिल वितरण भी किया गया। साइकिल मिलने से विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। वक्ताओं ने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और उनकी विद्यालय तक पहुंच को आसान बनाना है। साइकिल विद्यार्थियों के लिए आवागमन का साधन बनने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाने में सहायक होगी।

कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। हरेली पर्व की परंपरा, संस्कृति और प्रकृति से जुड़े संदेशों को प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया गया। उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। हरेली पर्व पर आयोजित वृक्षारोपण, साइकिल वितरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और छत्तीसगढ़ी संस्कृति के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ