कोरिया सोनहत । कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र में एक पथरीली जमीन के बीच उगा नन्हा पौधा प्रकृति के अद्भुत संघर्ष और जीवन के अटूट संकल्प की प्रेरणादायक तस्वीर प्रस्तुत कर रहा है। खुले आसमान के नीचे पत्थरों के बीच अपनी जड़ें मजबूती से जमाए यह पौधा मानो विपरीत परिस्थितियों को चुनौती देते हुए जीवन का संदेश दे रहा है।
पथरीली जमीन, सीमित संसाधन और मौसम की तमाम चुनौतियों के बावजूद इस नन्हे पौधे ने हार नहीं मानी। न गरजते बादलों का भय, न बारिश की चिंता, न बिजली की चमक का डर और न ही तेज आंधियों के सामने झुकने का कोई इरादा। इन तमाम परिस्थितियों के बीच इसकी नई कोंपल का फूटना इस बात का प्रतीक है कि जीवन संघर्षों के बीच भी अपना रास्ता तलाश लेता है।
यह दृश्य केवल एक पौधे के उगने की कहानी नहीं, बल्कि मनुष्य को प्रकृति से सीख लेने का संदेश भी देता है। पत्थरों के बीच जड़ें जमाकर खड़ा यह पौधा जैसे कह रहा हो कि धरती चाहे पथरीली हो या रेतीली, यदि संकल्प मजबूत हो तो हरियाली का सपना जरूर साकार किया जा सकता है। आने वाले समय में यही पौधा पेड़ बनेगा, छांव देगा, वातावरण को शीतलता देगा और असंख्य जीव-जंतुओं को जीवन का सहारा प्रदान करेगा।
सावन का महीना हरियाली और प्रकृति संरक्षण का संदेश लेकर आता है। ऐसे में इस नन्हे पौधे को देखकर हम सभी को अपनी धरती मां के संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी हमारी जिम्मेदारी है। एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, निर्मल पानी और बेहतर पर्यावरण की नींव बन सकता है।
प्रकृति के प्रति इसी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का संदेश देते हुए जिला कोरिया छत्तीसगढ़ के जनसंपर्क अधिकारी विजय मानिकपुरी ने लोगों से इस सावन कम से कम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल करने का आह्वान किया है।
पत्थरों के बीच खिलती यह नन्ही कोंपल वास्तव में उम्मीद की एक ऐसी किरण है, जो हमें सिखाती है कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, जीवन और हरियाली का संकल्प कभी कमजोर नहीं होना चाहिए।

0 टिप्पणियाँ