नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट
कोरिया चरचा कालरी........ नगर पालिका शिवपुर-चरचा द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं नगर को हरित और सुंदर बनाने के उद्देश्य से स्थानीय श्रमिक चौक में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री एवं स्थानीय विधायक भैयालाल राजवाड़े उपस्थित रहे।कार्यक्रम में श्रीमती रोकतिमा यादव, कलेक्टर कोरिया, देवेंद्र तिवारी जिला अध्यक्ष भाजपा कोरिया, कृष्ण बिहारी जायसवाल प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व जिला अध्यक्ष कोरिया, अरुण जायसवाल अध्यक्ष नगर पालिका शिवपुर-चरचा, राजेश सिंह उपाध्यक्ष नगर पालिका शिवपुर-चरचा, प्रदीप तिवारी पार्षद एवं श्रीमती रामकली पाल वरिष्ठ पार्षद ,श्रीमती मुक्ता सिंह चौहान मुख्य नगर पालिका अधिकारी शिवपुर-चरचा, हरिश जायसवाल, आर.के. सिंह , रमेश सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
वृक्षारोपण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि भैया लाल राजवाड़े ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है अधिक से अधिक पौधे लगाना जरूरी है लेकिन केवल पौधा लगाकर जिम्मेदारी समाप्त नहीं हो जाती उन्होंने कहा कि पौधारोपण के पश्चात उसका संरक्षण और नियमित देखभाल बेहद जरूरी है जब लगाए गए पौधे सुरक्षित रखकर वृक्ष का रूप लेंगे तभी वृक्षारोपण का उद्देश्य सार्थक होगा उन्होंने उपस्थित नागरिकों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आवाहन किया।
नगर पालिका शिवपुर-चरचा के अध्यक्ष अरुण जायसवाल के कार्यकाल में श्रमिक चौक का बहुप्रतीक्षित निर्माण कार्य पूर्ण होना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। श्रमिक चौक का निर्माण लंबे समय से प्रतीक्षित था। पूर्व में इसके निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने के बावजूद यह कार्य पूर्ण नहीं हो पाया था, जिसके कारण क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी नहीं हो सकी थी।नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जायसवाल ने इस बहुप्रतीक्षित कार्य को प्राथमिकता देते हुए इसके निर्माण को आगे बढ़ाने में विशेष रुचि दिखाई। उनके कार्यकाल में आवश्यक प्रक्रिया को गति मिली और अंततः श्रमिक चौक का निर्माण कार्य पूर्ण होकर धरातल पर साकार हुआ। इस उपलब्धि को नगर पालिका क्षेत्र के विकास कार्यों में अध्यक्ष अरुण जायसवाल के विशेष योगदान के रूप में देखा जा रहा है।श्रमिक चौक का महत्व केवल एक यातायात एवं सार्वजनिक स्थल के रूप में नहीं, बल्कि चरचा कलरी के मेहनतकश श्रमवीरों के सम्मान के प्रतीक** के रूप में भी है। यह चौक उन श्रमिकों को समर्पित है, जो चरचा कलरी की खदानों में प्रतिदिन अपनी जान जोखिम में डालकर कोयला उत्पादन करते हैं और देश की ऊर्जा आपूर्ति को निरंतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कोयला खदानों की कठिन और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करते हुए ये श्रमवीर अपने श्रम एवं साहस से देश की ऊर्जा व्यवस्था को मजबूती प्रदान करते हैं। ऐसे श्रमवीरों के नाम पर निर्मित यह चौक उनके परिश्रम, संघर्ष, साहस और राष्ट्रसेवा के प्रति सम्मान का प्रतीक है। लंबे समय से प्रतीक्षित इस चौक का निर्माण पूर्ण होना क्षेत्र के श्रमिक वर्ग के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है।
श्रमिक चौक का निर्माण और उसके परिसर में वृक्षारोपण नगर विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं श्रमिक सम्मान की भावना को भी मजबूत करता है। एक लंबे समय से प्रतीक्षित कार्य के पूर्ण होने के बाद अब यहां किया गया वृक्षारोपण इस स्थल को आने वाले समय में और अधिक आकर्षक एवं हरित स्वरूप प्रदान करेगा।नगरवासियों के लिए यह चौक जहां विकास कार्य की उपलब्धि का प्रतीक है, वहीं चरचा कलरी के उन श्रमवीरों के सम्मान का स्थायी स्मारक भी है, जिनके अथक परिश्रम से देश की ऊर्जा जरूरतों की पूर्ति में निरंतर योगदान मिलता रहा है।



0 टिप्पणियाँ