शिवपुर-चरचा की जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सीएमओ से की मुलाकात, शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी


कोरिया बैकुंठपुर /कोरिया जिले के नगर पालिका परिषद शिवपुर-चरचा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने नगर के विभिन्न वार्डों में लंबे समय से चली आ रही मूलभूत समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस परिवार जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

ज्ञापन में नगर के मुख्य मार्गों पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रात के समय अंधेरा रहने से आम नागरिकों, राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है तथा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने नगर प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करते हुए सभी खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने वार्डों की नालियों में नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने तथा सभी नालियों की व्यवस्थित सफाई सुनिश्चित करने की भी मांग की। उनका कहना था कि बरसात के मौसम में नालियों की सफाई नहीं होने से जलभराव, गंदगी और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में नगर पालिका को नियमित सफाई व्यवस्था और स्वच्छता अभियान पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

ज्ञापन में नगर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, जिनमें महात्मा गांधी चौक, राजीव गांधी चौक, महंत जी पार्क, अटल जी पार्क सहित अन्य पार्क एवं प्रमुख स्थान शामिल हैं, वहां की बंद पड़ी लाइटों को भी तत्काल चालू कराने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इन स्थानों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते हैं, इसलिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था होना आवश्यक है।

इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने नगर में जिन विकास कार्यों के टेंडर पहले ही जारी हो चुके हैं, उन्हें शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की। साथ ही पेयजल समस्या का स्थायी समाधान करते हुए नगरवासियों को प्रतिदिन पर्याप्त एवं नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इन मांगों पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस परिवार नगरवासियों के हित में आंदोलन शुरू करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर प्रशासन की होगी।

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष लालमुनी यादव के नेतृत्व में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हेमसागर यादव, सोहेल अहमद, बल्ली मोदी, जागृत कुर्रे, विक्रांत सिंह, सोनू श्रीवास्तव, पंकज मिश्रा, भूपेंद्र यादव, प्रीति किंडो, विजेंद्र कुमार, धर्मवीर यादव, जितेंद्र यादव, मोहम्मद सलीम अंसारी, एजाज गुड्डू, रामाधार तथा सोनू सहित कांग्रेस परिवार के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने नगरहित से जुड़े मुद्दों के शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताते हुए कहा कि जनसुविधाओं में सुधार नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ