कोरिया बैकुंठपुर / किसी समाज की सबसे बड़ी पूंजी उसकी प्रतिभाएं होती हैं और जब उन प्रतिभाओं को समय पर सम्मान मिलता है तो वे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बन जाती हैं। इसी सोच को साकार करते हुए 'लज्या–अशोक कुमार अलंग स्मृति सम्मान समारोह–2026' का दसवां आयोजन 22 जुलाई (बुधवार) को दोपहर 12 बजे शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैकुंठपुर में आयोजित किया जाएगा। एक दशक से निरंतर आयोजित हो रहा यह समारोह आज बैकुंठपुर की शैक्षणिक पहचान और मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान का प्रतिष्ठित मंच बन चुका है।
दो शासकीय विद्यालयों के मेधावियों को मिलेगा सम्मान,
समारोह में शासकीय रामानुज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। दोनों विद्यालयों में एकांतर क्रम से आयोजित होने वाली इस परंपरा के तहत इस वर्ष समारोह का आयोजन शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में किया जा रहा है।
माता-पिता की स्मृति को शिक्षा सेवा से जोड़ने की अनूठी पहल,
यह सम्मान समारोह वरिष्ठ प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त आईएएस एवं पूर्व कमिश्नर डॉ. संजय अलंग द्वारा अपने माता-पिता स्वर्गीय श्रीमती लज्या अलंग एवं स्वर्गीय अशोक कुमार अलंग की पावन स्मृति में आयोजित कराया जाता है। दोनों दिवंगत शिक्षकों ने बैकुंठपुर के शासकीय विद्यालयों में वर्षों तक अध्यापन कर हजारों विद्यार्थियों के जीवन में ज्ञान, संस्कार और सफलता की नींव रखी।उनके शिक्षा के प्रति समर्पण को आगे बढ़ाने का यह प्रयास आज समाज के लिए प्रेरणा बन गया है।
सम्मान के साथ मिलता है आगे बढ़ने का संबल,
दस वर्षों से लगातार आयोजित यह समारोह केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में उत्कृष्टता की भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और बेहतर भविष्य के प्रति विश्वास भी जगाता है। यह आयोजन नई पीढ़ी को यह संदेश देता है कि मेहनत, अनुशासन और शिक्षा के प्रति समर्पण का समाज हमेशा सम्मान करता है।
समारोह में शामिल होने की अपील,
आयोजकों ने सभी शिक्षकों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं विद्यार्थियों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर मेधावी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करने तथा शिक्षा और संस्कारों की इस प्रेरक परंपरा के सहभागी बनने की अपील की है।

0 टिप्पणियाँ