कोरिया बैकुंठपुर । राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर खाड़ा मोड़ के पास गुरुवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई टक्कर में दोनों वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना जोरदार था कि टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और घायलों की मदद के प्रयास शुरू किए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहरा निवासी करुणा त्रिपाठी ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल अपनी कार से गंभीर रूप से घायल अनिकेत साहू (26 वर्ष), पिता सुरेश साहू को जिला अस्पताल बैकुंठपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया। वहीं दूसरे घायल संजय सोनवानी (26 वर्ष), पिता धर्मजीत सोनवानी, निवासी खाड़ा चौक को भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चिकित्सकों के अनुसार दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यक उपचार दिया जा रहा है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के खाड़ा मोड़ पर अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। क्षेत्रवासियों ने इस मोड़ पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम, चेतावनी संकेतक तथा वाहनों की गति नियंत्रित करने के उपाय किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
समय रहते घायलों को अस्पताल पहुंचाए जाने से उन्हें तत्काल उपचार मिल सका। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।


0 टिप्पणियाँ