कोरिया बैकुंठपुर । जिले के शिवपुर चर्चा के कुमार गार्डन में नगर पालिका परिषद के नेता प्रतिपक्ष लाल मुनि यादव एवं कांग्रेस परिवार के सदस्यों द्वारा प्रदेश के वरिष्ठ राजनेता एवं जननायक स्वर्गीय डॉ. रामचंद्र सिंहदेव की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई तथा उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष लाल मुनि यादव ने कहा कि स्वर्गीय डॉ. रामचंद्र सिंहदेव का जीवन जनसेवा, सादगी और विकास के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने कोरिया सहित पूरे छत्तीसगढ़ के विकास के लिए जो उल्लेखनीय कार्य किए, उन्हें आने वाली पीढ़ियां भी लंबे समय तक याद रखेंगी। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंहदेव ने हमेशा आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दी और समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया। उनके विचार और आदर्श आज भी जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने भी डॉ. रामचंद्र सिंहदेव के राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके नेतृत्व में क्षेत्र में अनेक विकास कार्य हुए, जिनका लाभ आज भी लोगों को मिल रहा है। वक्ताओं ने कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज और प्रदेश का समग्र विकास संभव है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने भी बड़ी संख्या में भाग लेकर स्वर्गीय डॉ. रामचंद्र सिंहदेव को श्रद्धासुमन अर्पित किए। सभी ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी हेमसागर यादव, बल्ली मोदी, मंडल अध्यक्ष जागृत कुर्रे, पूर्व एल्डरमैन विक्रांत सिंह, अजाज गुड्डू, सलीम अंसारी, वरिष्ठ नेता सोहेल अहमद, अभिजीत सिंह, आशीष यादव, विजयनाथ तिवारी, विजेंद्र कुमार, जितेंद्र यादव, पूर्व पार्षद अशोक ठाकुर, सोनू श्रीवास्तव, धर्मवीर यादव, राजेश रवानी, सुनील सिंह, रामाधार सहित कांग्रेस परिवार के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वर्गीय डॉ. रामचंद्र सिंहदेव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया। उपस्थित नेताओं ने कहा कि डॉ. सिंहदेव का योगदान केवल कोरिया जिले तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने पूरे छत्तीसगढ़ की राजनीति और विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके विचार, कार्यशैली और जनसेवा की भावना आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और हमेशा स्मरणीय रहेंगे।



0 टिप्पणियाँ