विशेष लेख सेवा सेतु- डिजिटल सुशासन का नया द्वार, अब 528 शासकीय सेवाएं एक क्लिक पर (लेखक विजय मानिकपुरी)


कोरिया बैकुंठपुर। मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार नागरिकों को समयानुकूल, सरल और पारदर्शी प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार नवाचार कर रही है। ई-ऑफिस, ऑनलाइन उपस्थिति, डिजिटल वित्तीय लेनदेन और भूमि पंजीयन जैसी व्यवस्थाओं के बाद अब 'सेवा सेतु' पोर्टल डिजिटल सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बनकर उभरा है।

प्रदेश में नागरिक सेवाओं को अधिक सुलभ और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से विकसित सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से अब 36 विभागों की 528 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही ऑनलाइन मंच पर उपलब्ध हैं। राज्यभर में 16,802 से अधिक सेवा केंद्रों के माध्यम से आम नागरिक इन सेवाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर रहे हैं।

पहले ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर केवल 86 सेवाएं उपलब्ध थीं, लेकिन अब उसे विस्तारित कर सेवा सेतु पोर्टल के रूप में विकसित किया गया है। इससे नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाएं ऑनलाइन, पारदर्शी और निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध हो रही हैं।

एक ही पोर्टल, अनेक सुविधाएं,

सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, भू-अभिलेख संबंधी सेवाएं, नाम संशोधन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के आवेदन, श्रम एवं राजस्व विभाग की विभिन्न सेवाएं सहित अनेक सुविधाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। अब नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि एक ही पोर्टल से आवेदन कर समय पर सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

गांव-गांव तक पहुंच रही डिजिटल सुविधा,

सेवा सेतु का सबसे बड़ा लाभ ग्रामीण क्षेत्रों को मिल रहा है। ग्राम पंचायत स्तर पर विवाह प्रमाण पत्र, भवन अनुज्ञा, स्ट्रीट लाइट परिवर्तन, साफ-सफाई संबंधी आवेदन तथा नाम परिवर्तन की राजपत्र अधिसूचना जैसी कई सेवाएं अब ऑनलाइन उपलब्ध हैं, जो पहले केवल ऑफलाइन संचालित होती थीं।

पोर्टल को व्हाट्सएप से भी जोड़ा गया है, जिससे नागरिक घर बैठे सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और अपने आवेदन की स्थिति भी जान सकते हैं। इससे जिला एवं तहसील मुख्यालय तक बार-बार जाने की आवश्यकता कम होगी तथा समय और धन दोनों की बचत होगी।

प्रशिक्षण से मजबूत हो रही व्यवस्था,

सेवा सेतु के प्रभावी संचालन के लिए पंचायत सचिवों, सेवा केंद्र संचालकों तथा संबंधित विभागों के कर्मचारियों को चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्राम पंचायत स्तर तक डिजिटल सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करना तथा नागरिकों को त्वरित और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है। साथ ही पंचायत स्तर पर शासन की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

पारदर्शिता और विश्वास का नया आधार,

सेवा सेतु केवल एक ऑनलाइन पोर्टल नहीं, बल्कि शासन और नागरिकों के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बनकर उभर रहा है। ऑनलाइन आवेदन, समयबद्ध सेवा वितरण और ट्रैकिंग प्रणाली ने पूरी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाया है।

डिजिटल सुशासन की दिशा में यह पहल छत्तीसगढ़ को आधुनिक प्रशासनिक व्यवस्था की ओर तेजी से अग्रसर कर रही है। राज्य शासन ने नागरिकों से सेवा सेतु पोर्टल का अधिकाधिक उपयोग करने और डिजिटल सेवाओं का लाभ उठाकर सुशासन को और अधिक मजबूत बनाने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ