आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के तहत जामपानी स्कूल में आयोजित हुआ ‘न्योता भोज’, सामुदायिक सहभागिता से बच्चों में बढ़ा उत्साह


कोरिया बैकुंठपुर । भारत सरकार की महत्वाकांक्षी आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम (Aspirational Blocks Programme) के अंतर्गत कोरिया जिले के विकासखंड बैकुंठपुर के शासकीय प्राथमिक, माध्यमिक एवं हाई स्कूल जामपानी में सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘न्योता भोज कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों तथा ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विद्यार्थियों के साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यालयों में सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करना, बच्चों में आत्मीयता की भावना विकसित करना तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर पोषण सुनिश्चित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा वातावरण देखने को मिला। छात्र-छात्राएं अनुशासित ढंग से पंक्तिबद्ध होकर भोजन करते नजर आए। अतिथियों ने बच्चों से संवाद किया, उनकी पढ़ाई, स्वास्थ्य एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें नियमित विद्यालय आने और मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।

न्योता भोज कार्यक्रम में स्थानीय समाज के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर भोजन व्यवस्था में योगदान देकर यह संदेश दिया कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं बल्कि पूरे समाज का साझा दायित्व है। कार्यक्रम के माध्यम से यह भी बताया गया कि जब समाज और विद्यालय मिलकर कार्य करते हैं तो बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार होता है।

आयोजन के दौरान अधिकारियों ने कहा कि आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आधारभूत सुविधाओं एवं आजीविका जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में तेजी से सुधार लाना है। इसके लिए शासन केवल योजनाएं संचालित नहीं कर रहा, बल्कि जनभागीदारी को भी प्राथमिकता दे रहा है। न्योता भोज जैसे कार्यक्रम बच्चों में विद्यालय के प्रति अपनापन बढ़ाने के साथ-साथ अभिभावकों और समाज को भी विद्यालयी गतिविधियों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।

विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है। जब समाज के प्रतिष्ठित लोग, अधिकारी और अभिभावक उनके बीच बैठकर भोजन करते हैं तो बच्चों में आत्मविश्वास का विकास होता है और विद्यालय आने की रुचि भी बढ़ती है। इससे मध्याह्न भोजन योजना के प्रति सकारात्मक संदेश भी समाज तक पहुंचता है।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने अनुशासन एवं स्वच्छता का परिचय देते हुए भोजन ग्रहण किया। शिक्षकों ने बच्चों को पौष्टिक भोजन, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा संतुलित आहार के महत्व के बारे में भी जानकारी दी। उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता बताई।

आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के तहत जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने, बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा समुदाय की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार नवाचार किए जा रहे हैं। न्योता भोज कार्यक्रम इन्हीं प्रयासों की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जिसने विद्यालय और समाज के बीच विश्वास एवं सहयोग की भावना को और मजबूत किया है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षा विभाग, विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों एवं स्थानीय ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा। उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों से शिक्षा का स्तर और बेहतर होगा तथा आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के उद्देश्यों को सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सकेगा। ग्रामीणों ने भी संकल्प लिया कि वे आगे भी विद्यालय की प्रत्येक रचनात्मक गतिविधि में सहयोग करेंगे, ताकि बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बन सके और शिक्षा के क्षेत्र में कोरिया जिला नई उपलब्धियां हासिल करे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ