कोरिया बैकुंठपुर । महादेव सेवा समिति सोनहत के तत्वाधान में स्थानीय मिनी स्टेडियम में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के चौथे दिन एक अत्यंत भावुक और प्रेरणादायी सामाजिक पहल देखने को मिली। कथा मंच से मानव सेवा और सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए एक अनाथ वर और अनाथ वधु का विवाह विधिवत संपन्न कराया गया। इस पावन अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने नवदंपत्ति को आशीर्वाद प्रदान किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनाथ वर चि. भवन कुमार नागवंशी, सुपुत्र स्वर्गीय रामदीन, ग्राम बेलिया तथा अनाथ वधु सौ.का. जगमन सूर्यवंशी, सुपुत्री स्वर्गीय बालकेश्वर, ग्राम छीगुरा का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। विवाह समारोह में कथा श्रवण हेतु पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने इस सामाजिक पहल की सराहना की और नवविवाहित जोड़े के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम की गरिमा उस समय और बढ़ गई जब महादेव सेवा समिति की संरक्षक एवं क्षेत्र की विधायक, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती रेणुका सिंह मंच पर उपस्थित रहीं। उन्होंने नवविवाहित जोड़े को स्नेह, आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं प्रदान करते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे युवाओं की सहायता करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है, जिनके सिर से माता-पिता का साया उठ चुका है। समाज यदि आगे बढ़कर सहयोग करे तो किसी भी जरूरतमंद को असहाय महसूस नहीं करना पड़ेगा।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती रेणुका सिंह ने बेघर नवविवाहित जोड़ी के लिए विशेष घोषणा करते हुए उनके घर की व्यवस्था हेतु 2 लाख 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा पर उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया। यह सहायता राशि नवदंपत्ति के नए जीवन की मजबूत नींव रखने में सहायक सिद्ध होगी।
महादेव सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि शिव महापुराण कथा का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से सामाजिक सरोकारों को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। समिति समय-समय पर गरीब, जरूरतमंद एवं अनाथ बच्चों की सहायता के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करती रही है। इस विवाह आयोजन को भी उसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया गया।
समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को समाज के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण बताया। शिव महापुराण कथा के मंच से संपन्न हुआ यह विवाह न केवल दो जीवनों का मिलन बना, बल्कि मानवता, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का भी सशक्त संदेश दे गया।


0 टिप्पणियाँ