कोरिया बैकुंठपुर । आज 7 फरवरी 26, शनिवार को नगर में आस्था और श्रद्धा से ओतप्रोत भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रातःकाल से लेकर रात्रि तक विविध धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे, जिसमें न्यास, प्राण प्रतिष्ठा, हवन, आरती तथा भोग-भंडारा प्रमुख रूप से शामिल हैं। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8:00 बजे विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया जाएगा।
धार्मिक अनुष्ठानों के अंतर्गत सर्वप्रथम न्यास एवं प्राण प्रतिष्ठा की विधि संपन्न कराई जाएगी, जिसके पश्चात हवन आयोजित होगा। हवन में आहुतियां देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं कल्याण की कामना की जाएगी। दोपहर एवं सायंकालीन समय में आरती का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों के सम्मिलित होने की संभावना है। कार्यक्रम के उपरांत भोग-भंडारे का आयोजन किया गया है, जिसमें सभी श्रद्धालु भक्तजनों को प्रसाद ग्रहण करने का अवसर मिलेगा।
इसी क्रम में रात्रि 7:30 बजे से भजन-संगीत संध्या का आयोजन प्रस्तावित है। भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा भक्तिमय प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिरस से सराबोर हो जाएगा। आयोजकों का कहना है कि भजन-संगीत संध्या श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
आयोजक मंडल एवं ग्रुप से जुड़े सदस्यों ने सभी श्रद्धालु भक्तजनों से विनम्र अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजित समस्त धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागी बनें और पुण्य लाभ अर्जित करें। आयोजकों ने सभी के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने की कामना की है।

0 टिप्पणियाँ