कोरिया बैकुंठपुर । जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में आयोजित होने जा रहे बहुप्रतीक्षित कोरिया महोत्सव में इस वर्ष शास्त्रीय संगीत प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा। बनारस घराने के सुप्रसिद्ध बांसुरी वादक डॉ. राकेश कुमार महोत्सव में अपनी सुरमयी प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। डॉ. राकेश आकाशवाणी एवं दूरदर्शन के ‘ए ग्रेडेड’ कलाकार हैं और वर्तमान में बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय के वाद्य संगीत विभाग में सहायक प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं।
देश-विदेश के प्रतिष्ठित संगीत मंचों पर अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से पहचान बना चुके डॉ. राकेश कुमार शास्त्रीय संगीत की परंपरा और आधुनिक संवेदनाओं का अद्भुत संगम प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी बांसुरी से निकले मधुर स्वर श्रोताओं को आध्यात्मिक अनुभूति से भर देते हैं। कोरिया महोत्सव के मंच पर उनकी प्रस्तुति को लेकर संगीत प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
इस विशेष संध्या में तबले पर संगत करेंगे बनारस घराने के प्रतिभाशाली तबला वादक आनंद कुमार मिश्रा। वे बनारस घराने के खलीफा माने जाने वाले पं. दीपक सहाय एवं पं. संजू सहाय के योग्य शिष्य हैं। उनकी सधी हुई ताल और लयकारी कार्यक्रम को और भी ऊँचाई प्रदान करेगी।
कोरिया महोत्सव का आयोजन 17, 18 और 19 फरवरी 2026 को प्रतिदिन शाम 5 बजे से रामानुज मिनी स्टेडियम, बैकुंठपुर (जिला-कोरिया, छत्तीसगढ़) में किया जाएगा। आयोजकों ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने मित्रों एवं परिवार के साथ अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस सांस्कृतिक महोत्सव की विविध प्रस्तुतियों का आनंद लें।

0 टिप्पणियाँ