नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट
कोरिया चरचा कॉलरी.....कोल इंडिया इंटर कंपनी हॉकी टूर्नामेंट में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की टीम का विजय अभियान लगातार आगे बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार 6 फरवरी को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में एसईसीएल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महानदी कोलफील्ड लिमिटेड (एमसीएल) को कड़े संघर्ष में 2–1 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया।इससे पूर्व टूर्नामेंट में एसईसीएल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने पहले मैच में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल), बंगाल को एकतरफा मुकाबले में 8-0 से पराजित किया। दूसरे मैच में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) को 6–0 से करारी शिकस्त दी, जबकि तीसरे मुकाबले में नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) को 2–1 से हराकर विजेता का खिताब हेतु अपनी मजबूत दावेदारी साबित की।लगातार मिल रही जीत से एसईसीएल टीम के खिलाड़ियों का उत्साह चरम पर है। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन पासिंग, सटीक ड्रिब्लिंग, मजबूत डिफेंस और समय पर किए गए आक्रमण से यह दिखा दिया कि वह खिताब की प्रबल दावेदार है।
टीम के कोच तरुण रावत के कुशल मार्गदर्शन में खिलाड़ी आधुनिक हॉकी तकनीकों पर विशेष ध्यान देते हुए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। वहीं, टीम के मार्गदर्शक और लंबे समय तक 15 वर्षों तक कप्तान रहे दमदार खिलाड़ी बैकुंठपुर क्षेत्र के वरिष्ठ कार्मिक प्रबंधक विकास शंकर ओझा का हॉकी के प्रति वर्षों का समर्पण और अनुभव खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है। मैदान पर उनकी रणनीतिक समझ और खेल की बारीकियों ने टीम को हर मुकाबले में बढ़त दिलाई है।
एसईसीएल को टूर्नामेंट की मेजबानी का लाभ भी मिल रहा है। बिलासपुर के बहतराई स्थित एस्ट्रोटार्फ हॉकी मैदान में खेले जा रहे इस इंटर कंपनी हॉकी टूर्नामेंट में होम ग्राउंड का फायदा एसईसीएलटीम के आत्मविश्वास में साफ नजर आ रहा है। एसईसीएल की लगातार जीत से बैकुंठपुर क्षेत्र सहित पूरे कोयला अंचल में हर्ष और उत्साह का माहौल है।आजशनिवार को दोपहर 2:00 बजे से होने वाले फाइनल मुकाबले में एसईसीएल की भिड़ंत सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) से होगी। दोनों ही टीमें पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरेंगी और दर्शकों को एक रोमांचक फाइनल देखने की उम्मीद है।
*



0 टिप्पणियाँ