सोनहत में शिव पुराण महाकथा का भव्य शुभारंभ, जनआस्था का उमड़ा सैलाब


कोरिया बैकुंठपुर। कोरिया जिले के जनपद पंचायत सोनहत की पावन धरा इन दिनों शिवमय वातावरण से गुंजायमान है। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक श्रीमती रेणुका सिंह के मार्गदर्शन में महादेव सेवा समिति द्वारा आयोजित श्रीमद् शिव पुराण महाकथा का भव्य शुभारंभ विधिवत रूप से संपन्न हुआ। इस आध्यात्मिक आयोजन में छत्तीसगढ़ शासन की कैबिनेट मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

सोनहत में आयोजित इस वृहद धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। कथा स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर शिवमहिमा का श्रवण कर रहे हैं। आयोजन स्थल को आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो गया है। श्रद्धालु पर्याप्त समय देकर कथा का आनंद उठा रहे हैं और भगवान भोलेनाथ की आराधना में लीन नजर आ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, वृंदावन के सुप्रसिद्ध आचार्य पंडित विनयकांत त्रिपाठी के श्रीमुख से श्रीमद् शिव पुराण कथा का विधिवत शुभारंभ हुआ। अपने मधुर एवं प्रभावशाली वाचन शैली से आचार्य श्री त्रिपाठी जी शिव पुराण के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर रहे हैं। कथा के माध्यम से वे भगवान शिव के चरित्र, उनकी करुणा, त्याग, तप और लोककल्याणकारी स्वरूप का विस्तृत वर्णन कर रहे हैं। साथ ही, जीवन में धर्म, सत्य और सदाचार के महत्व को भी रेखांकित कर रहे हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हैं। उन्होंने विधायक रेणुका सिंह एवं महादेव सेवा समिति के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण पहल बताया।

आयोजक संस्था महादेव सेवा समिति द्वारा यह पावन आयोजन आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास माना जा रहा है। समिति के सदस्यों ने बताया कि कथा का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में नैतिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना को जागृत करना भी है।

सोनहत में आयोजित यह शिव पुराण महाकथा न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि सामाजिक एकता का भी प्रतीक बनकर उभर रही है। विभिन्न वर्गों और आयु समूहों के लोग एक साथ बैठकर कथा श्रवण कर रहे हैं, जिससे आपसी भाईचारे और सामंजस्य का संदेश प्रसारित हो रहा है।

भगवान भोलेनाथ की कृपा से यह महाकथा जनकल्याण, सामाजिक सद्भाव और आध्यात्मिक जागरण का माध्यम बने—इसी भावना के साथ श्रद्धालु निरंतर कथा में सहभागी बन रहे हैं। पूरे क्षेत्र में “हर हर महादेव” के जयघोष से वातावरण गुंजायमान है और शिवभक्ति की धारा अविरल प्रवाहित हो रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ