हिंद विद्यालय में छलके जज़्बात, मुस्कान और आँसू के बीच दी गई कक्षा 12वीं को भावभीनी विदाई....... विदाई अंत नहीं ,,नई उड़ान की शुरुआत है....... संस्कार ,अनुशासन और स्नेह की पाठशाला से निकले विद्यार्थी नई राह की ओर......



नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट 

कोरिया चरचा कॉलरी.......नगर पालिका शिवपुर-चरचा की प्रतिष्ठित एवं विश्वसनीय शैक्षणिक संस्था हिंद विद्यालय इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कक्षा 11वीं के छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय प्रबंधन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं भारत माता के छायाचित्र के समक्ष पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस गरिमामयी अवसर पर मुख्य रूप से नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जायसवाल, उपाध्यक्ष राजेश सिंह, जिला जर्नलिस्ट प्रेस क्लब कोरिया के संरक्षक नीरज गुप्ता, विद्यालय के संचालक नेसार खान, प्राचार्य शशि भूषण राय, प्राचार्य सेजस बैकुंठपुर अंसारी सर, श्रीमती विवेक सिद्दीकी, श्रीमती लक्ष्मी बघेल, श्रीमती कमरूल निशा, पवन अग्रवाल, मिंटू सर सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने विद्यालय में बिताए अपने खट्टे-मीठे अनुभवों, भविष्य की योजनाओं एवं जीवन के लक्ष्यों को साझा किया। कई छात्र-छात्राएं अपने अनुभव सुनाते हुए भावुक हो उठे। उनकी आंखों से आंसुओं की अविरल धारा बहती रही। वातावरण में एक ओर उपलब्धियों की खुशी थी, तो दूसरी ओर बिछड़ने का गम भी साफ झलक रहा था।विद्यार्थियों ने कहा कि –

“घर-परिवार के बाद यदि कहीं हमें अपनापन और सुरक्षा का एहसास हुआ, तो वह हमारा विद्यालय है। यहाँ आकर कभी महसूस नहीं हुआ कि हम घर से दूर हैं। छात्र छात्राओं  ने विशेष रूप से प्राचार्य शशि भूषण राय के अनुशासन, स्नेह एवं मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उनका कठोर अनुशासन ही आज उनकी सफलता की नींव है।

      नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जायसवालने अपने  उद्बोधन में कहा कि 

विदाई अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत का प्रतीक है। जीवन में लक्ष्य बड़ा रखें, संघर्ष से घबराएँ नहीं। सफलता उन्हीं को मिलती है जो सपनों को सच करने का साहस रखते हैं। हिंद विद्यालय ने आपको केवल शिक्षा नहीं दी, बल्कि संस्कार, अनुशासन और जिम्मेदारी का भाव भी दिया है। आप जहाँ भी जाएँ, अपने माता-पिता, विद्यालय और नगर का नाम रोशन करें।आज के विद्यार्थी ही कल के डॉक्टर, इंजीनियर, प्रशासनिक अधिकारी और समाज के नेतृत्वकर्ता बनेंगे। इसलिए अपने चरित्र को मजबूत रखें, क्योंकि चरित्र ही आपकी सबसे बड़ी पूंजी है

नगर पालिका उपाध्यक्ष राजेश सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में कठिनाइयाँ आएंगी, लेकिन जो धैर्य और आत्मविश्वास बनाए रखता है, वही आगे बढ़ता है। विद्यालय की सीख और गुरुजनों का आशीर्वाद जीवन भर आपका मार्गदर्शन करेगा। याद रखिए, सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता— परिश्रम ही उसका एकमात्र मार्ग है।उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी।

विद्यालय के डायरेक्टर निसार खान ने कहा कि यह विदाई नहीं है स्कूल परिसर सदैव आपका है आप जब चाहे यहां आ सकते हैं आप लोगों के आने व सहयोग से निश्चित ही हमें बेहद खुशी होगी मैं आप सभी के उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं

उद्बोधन के पश्चात विद्यार्थियों द्वारा गीत, संगीत का कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसने समारोह में उत्साह और उल्लास का वातावरण बना दिया। अंत में सभी ने एक साथ बैठकर स्नेहभोज का आनंद लिया।विदाई समारोह ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि हिंद विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार और आत्मीयता का परिवार है— जहाँ से निकलने वाला हर छात्र अपने साथ यादों की अमूल्य पूंजी लेकर आगे बढ़ता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ