कोरिया बैकुंठपुर। 29 जनवरी 26 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुरेशा चौबे एवं एसडीओपी राजेश साहू द्वारा थाना बैकुंठपुर पुलिस स्टाफ के साथ नगर क्षेत्र अंतर्गत स्थित विभिन्न बैंकों का सुरक्षागत दृष्टिकोण से औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान बैंकों में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, गार्ड की उपलब्धता तथा सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का गहन अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान सहकारी बैंक में लोगों की अत्यधिक भीड़ पाई गई। बैंक परिसर में ग्राहकों की अव्यवस्थित भीड़ को देखते हुए अधिकारियों ने मौके पर ही उपस्थित लोगों को टोकन प्रणाली के अनुसार लाइन में खड़े रहने की समझाइश दी। साथ ही बैंक में तैनात गार्ड को वर्दी में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने तथा ग्राहकों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से लाइन में खड़ा कराने के निर्देश दिए गए। बैंक में आए समस्त ग्राहकों को भी अपने पैसों को संभालकर रखने, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति से सतर्क रहने एवं लेन-देन के दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई।
इसके पश्चात अधिकारियों द्वारा पंजाब नेशनल बैंक का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बैंक में सुरक्षा गार्ड अनुपस्थित पाया गया। इस संबंध में जब ग्राहकों से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि बैंक प्रबंधन द्वारा ग्राहकों का विशेष ध्यान रखा जाता है, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था की गई है, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। बावजूद इसके, अधिकारियों ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से गार्ड की उपस्थिति को आवश्यक बताया।
इसी क्रम में सेंट्रल बैंक का निरीक्षण किया गया, जहां बैंक में सुरक्षा गार्ड उपलब्ध नहीं पाया गया। हालांकि बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में पाए गए। अधिकारियों ने बैंक मैनेजर को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति के लिए शीघ्र प्रतिवेदन भेजें एवं उच्च अधिकारियों से समन्वय कर गार्ड की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने यह भी बताया कि पूर्व में सेंट्रल बैंक के सामने लूट की घटनाएं घटित हो चुकी हैं, जिसके कारण यहां सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना आवश्यक है।
निरीक्षण के अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी द्वारा थाना प्रभारी कोतवाली बैकुंठपुर एवं यातायात प्रभारी बैकुंठपुर को निर्देशित किया गया कि बैंक क्षेत्रों में लगातार सघन पेट्रोलिंग की जाए। साथ ही बैंकों के आसपास बेतरतीब खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई कर यातायात व्यवस्था को सुचारू रखा जाए, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना को रोका जा सके।
पुलिस अधिकारियों द्वारा किए गए इस औचक निरीक्षण से बैंक प्रबंधन एवं आम नागरिकों में सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ी है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।


0 टिप्पणियाँ