कोरिया जिले के पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे को राष्ट्रपति पुरस्कार मिलने पर डॉ शर्मा ने दी बधाई


कोरिया बैकुंठपुर। कोरिया जिले के पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे को उनके उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर जिले भर में हर्ष का माहौल है। इसी क्रम में डॉ शर्मा हॉस्पिटल के प्रमुख एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ राकेश शर्मा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर श्री कुर्रे से मुलाकात की और उन्हें इस प्रतिष्ठित उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

डॉ राकेश शर्मा ने कहा कि राष्ट्रपति पुरस्कार मिलना न केवल रवि कुर्रे के लिए, बल्कि पूरे कोरिया जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान जिस कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ जिले की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ किया, वह सराहनीय है। डॉ शर्मा ने कहा कि श्री कुर्रे के नेतृत्व में कोरिया जिले की सुरक्षा व्यवस्था पहले की अपेक्षा कहीं अधिक मजबूत, व्यवस्थित और प्रभावी रही है।

उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे के कार्यकाल में अपराध नियंत्रण, आम जनता की सुरक्षा, महिला सुरक्षा तथा पुलिस और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला है। कानून व्यवस्था को लेकर जिले में आमजन में भरोसा बढ़ा है और पुलिस की कार्यप्रणाली पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनी है।

डॉ शर्मा ने कहा कि एक बेहतर पुलिस व्यवस्था समाज में शांति और विश्वास की नींव रखती है, जिसे श्री कुर्रे ने अपने कार्यकाल में सफलतापूर्वक स्थापित किया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी श्री रवि कुर्रे इसी प्रकार जिले और प्रदेश की सेवा करते रहेंगे।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक  रवि कुर्रे ने डॉ राकेश शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे पुलिस बल की मेहनत और सहयोग का परिणाम है। उन्होंने जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ