कोरिया बैकुण्ठपुर। शासकीय प्राथमिक शाला जनपद कन्या, विकासखंड बैकुण्ठपुर के विद्यार्थियों ने आज एक विशेष शैक्षणिक गतिविधि के तहत कन्या उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय बैकुण्ठपुर में संचालित स्पेस लैब का विस्तृत अवलोकन किया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को विज्ञान तथा अंतरिक्ष के नए आयामों से परिचित कराने, उनकी वैज्ञानिक समझ को विकसित करने और उन्हें व्यवहारिक ज्ञान प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।
अवलोकन के दौरान छोटे-छोटे बच्चों में सीखने का उत्साह स्पष्ट झलक रहा था। स्काई लैब के अंदर स्थापित विभिन्न आकाशीय पिंडों के मॉडल, ग्रहों की कक्षाएँ, सौर मंडल की संरचना, अंतरिक्ष यान, तथा वैज्ञानिक उपकरणों को देखकर बच्चे अत्यंत उत्साहित हो उठे। लैब में प्रदर्शित चार्ट, थ्री-डी मॉडल और प्रयोगात्मक साधनों के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह समझा कि ब्रह्मांड किस प्रकार कार्य करता है और वैज्ञानिक किस तरह अंतरिक्ष का अध्ययन करते हैं।
बच्चों ने उत्सुकता से अनेक प्रश्न पूछे—जैसे ग्रह कैसे घूमते हैं, सूर्य का प्रकाश पृथ्वी तक कैसे पहुँचता है, अंतरिक्ष यात्री किस प्रकार अंतरिक्ष में काम करते हैं, और स्पेस लैब जैसी संरचनाएँ वैज्ञानिक अनुसंधान में किस तरह मदद करती हैं। बच्चों की जिज्ञासा का समाधान वहाँ के शिक्षकों व लैब संचालकों ने सरल और रोचक तरीके से किया।
इस पूरे शैक्षणिक भ्रमण का नेतृत्व विद्यालय की प्रधान पाठिका श्रीमती पूनम पाण्डेय ने किया। उन्होंने न केवल बच्चों को प्रत्येक मॉडल की उपयोगिता समझाई बल्कि उन्हें वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित भी किया। उनका कहना था कि “बच्चों में छिपी जिज्ञासा को सही दिशा देने पर ही वे भविष्य में वैज्ञानिक, शोधकर्ता और नवाचारकर्ता बन सकते हैं।”
विद्यालय परिवार ने इस पहल को अत्यंत सफल बताते हुए कहा कि ऐसे अवलोकन विद्यार्थियों में विज्ञान, तकनीक और खोज के प्रति गहरी रुचि पैदा करते हैं। बच्चों को वास्तविक रूप से देखकर, छूकर और समझकर सीखने का अवसर मिलता है जिससे उनकी समझ और अधिक प्रभावी बनती है।
अंत में विद्यार्थियों ने खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि स्पेस लैब का अनुभव उनके लिए बिल्कुल नया और प्रेरणादायी था। उन्होंने यह भी कहा कि वे आगे भी विज्ञान से जुड़े ऐसे अवसरों में भाग लेना चाहेंगे। बच्चों ने कन्या विद्यालय की व्यख्याता श्रीमती जिज्ञासा दुबे का विशेष आभार व्यक्त किया जिन्होंने उनको इन सब जानकारियों से अवगत कराया इसके साथ प्राचार्य ए एल गुप्ता को भी बहुत बहुत धन्यवाद बच्चों व प्रधान पाठक श्रीमती पूनम पाण्डेय ने दिया।

0 टिप्पणियाँ