नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट
कोरिया चरचा कालरी,,,,,,,,, नगर पालिका शिवपुर-चरचा के मुख्य मार्ग पर पुराने पुलिस थाना भवन से रेलवे अंडरब्रिज तक करीब 250 मीटर की दूरी में पिछले तीन दिनों से कोयले से लदे दर्जनों भारी-भरकम हाईवा ट्रक सड़क के किनारे खड़े हैं। इन विशालकाय वाहनों ने सड़क की लगभग आधी चौड़ाई पर कब्जा कर लिया है। ऐसे में बची हुई सड़क से दो वाहनों का एक साथ निकलना भी मुश्किल हो गया है। लगातार बने इस हालात से राहगीरों के बीच दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार चरचा क्षेत्र से सड़क मार्ग से कोयला परिवहन प्रभावित अथवा बंद होने की जानकारी पहले से होने के बावजूद ट्रकों में कोयला लोड कराया गया। अब चरचा क्षेत्र से भारी वाहनों की निकासी के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं होने के कारण ट्रकों को मुख्य सड़क पर खड़ा करना चालकों की मजबूरी बन गया है। सवाल यह है कि जब निकासी की व्यवस्था उपलब्ध नहीं थी तो कोयला लदे इन वाहनों को सड़क पर भेजने की अनुमति आखिर क्यों दी गई,
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब तक कोयला परिवहन के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं हो जाता, तब तक सुरक्षा की दृष्टि से इन ट्रकों को सड़क से हटाकर रेलवे के खाली पड़े ग्राउंड अथवा किसी सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया जा सकता है। इससे मुख्य मार्ग पर यातायात भी सुचारु रहता और दुर्घटना की आशंका भी कम होती। लेकिन इस दिशा में न तो कालरी प्रबंधन द्वारा कोई ठोस पहल दिखाई दे रही है और न ही स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था को लेकर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
ट्रक मालिकों को हजारों का नुकसान, चालक-क्लीनर भी परेशान,,,,,,,सड़क किनारे कई दिनों से ट्रकों के खड़े रहने के कारण वाहन मालिकों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं चालक और क्लीनर भी परेशान हैं। लंबे समय से सड़क पर खड़े रहने के दौरान उनके लिए नहाने, भोजन और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था नहीं है।
करमा पर्व से पहले बढ़ी चिंता,,,,,
मंगलवार को लोकपर्व करमा का आयोजन है। चरचा क्षेत्र में करमा पर्व के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एकत्रित होते हैं और देर रात तक लोगों का आवागमन बना रहता है। ऐसे समय में मुख्य मार्ग की आधी सड़क पर भारी वाहनों के खड़े रहने से यातायात का दबाव और दुर्घटना की आशंका दोनों बढ़ सकती हैं।सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद तीन दिनों से मुख्य मार्ग पर दर्जनों भारी वाहनों के खड़े होने के बावजूद प्रभावी यातायात व्यवस्था क्यों नहीं बनाई गई, यह सवाल स्थानीय नागरिक उठा रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते ट्रकों को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा नहीं कराया गया तो करमा पर्व के दौरान स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है।
चरचा कालरी क्षेत्र के स्थानीय नागरिकों ने कोरिया पुलिस अधीक्षक से मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। नागरिकों ने आग्रह किया है कि करमा पर्व को देखते हुए सड़क किनारे खड़े कोयला लदे ट्रकों को अन्यत्र सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराने तथा मुख्य मार्ग पर सुचारु यातायात व्यवस्था बहाल करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाए।



0 टिप्पणियाँ