कोरिया बैकुंठपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को कोरिया जिले में 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर जिलेभर में 1 लाख 21 हजार 300 दीये प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके माध्यम से जिलेवासी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा, समर्पण और जनकल्याण के प्रति आभार व्यक्त करेंगे।
17 सितंबर को शाम 7 बजे जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, अमृत सरोवरों, चौक-चौराहों एवं प्रमुख स्थलों पर एक साथ दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। जिला स्तरीय कार्यक्रम ओपन थिएटर, झुमका, ग्राम पंचायत ओडगी, बैकुंठपुर में होगा, जहां 10 हजार दीये जलाए जाएंगे।
बैकुंठपुर एवं सोनहत जनपद पंचायत क्षेत्रों के साथ बैकुंठपुर, शिवपुर-चरचा और पटना नगरीय क्षेत्रों में भी व्यापक स्तर पर दीप प्रज्वलन किया जाएगा। ग्राम पंचायतों में 500-500 दीयों के साथ अमृत सरोवरों एवं अन्य प्रमुख स्थलों पर भी दीप जलाए जाएंगे।
इसके अलावा जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय संस्थानों तथा निगम, मंडल एवं बोर्ड के कार्यालयों में भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इस तरह 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम जिलेभर में सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का व्यापक संदेश देगा।
'17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
कोरिया जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जाएगा। एक माह तक चलने वाले इस अभियान के दौरान सेवा, जनकल्याण और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन द्वारा अभियान की रूपरेखा एवं तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। विभिन्न गतिविधियों के सुचारू संचालन के लिए जिला एवं ब्लॉक स्तर पर नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव अभियान की तैयारियों एवं शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रियान्वयन की लगातार समीक्षा कर रही हैं। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान के समग्र संचालन एवं समन्वय के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री योगेंद्र श्रीवास को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी बनाया गया है।
जिलेवासियों से सहभागिता की अपील,
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने 17 सितंबर को आयोजित होने वाले 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम में जिले से लेकर ग्राम, वार्ड स्तर तक के जनप्रतिनिधियों सहित सभी वर्गों के नागरिकों से सहभागिता की अपील की है। कलेक्टर ने जिलेवासियों से कहा है आभार के रूप में एक दीया घर मे जरूर प्रज्वलित करें। उन्होंने कहा है कि जनभागीदारी से ही सेवा संकल्प अभियान को व्यापक स्वरूप दिया जा सकता है।
'आशीर्वाद का दीया' कोरिया में सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का प्रतीक बनेगा। अनेक स्थानों पर एक साथ जगमगाते दीये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जिलेवासियों के आभार और 'सेवा एवं जनभागीदारी से विकसित कोरिया' के संकल्प का संदेश देंगे।


0 टिप्पणियाँ