राज्यपाल पुरस्कार की ₹21 हजार की राशि से होगा शाला का समतलीकरण एवं विकास


 कोरिया बैकुंठपुर । शासकीय प्राथमिक शाला जनपद कन्या, बैकुण्ठपुर में शाला प्रबंधन एवं विकास समिति (एसएमडीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शाला की स्वच्छता, परिसर के रख-रखाव एवं विकास, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा तिमाही परीक्षा की तैयारियों सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विषयों पर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान एसएमडीसी सदस्यों ने शाला की प्रधान पाठिका श्रीमती पूनम पाण्डेय को राज्यपाल सम्मान प्राप्त होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सदस्यों ने कहा कि यह सम्मान केवल प्रधान पाठिका का व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरे शाला परिवार के लिए गौरव एवं सम्मान का विषय है।

इस अवसर पर प्रधान पाठिका श्रीमती पूनम पाण्डेय ने राज्यपाल पुरस्कार के अंतर्गत प्राप्त होने वाली ₹21,000 की राशि शाला के विकास कार्यों में समर्पित करने का प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव के अनुसार राशि का उपयोग मुख्य रूप से शाला परिसर के समतलीकरण में किया जाएगा। इसका उद्देश्य परिसर को सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाना तथा विद्यार्थियों के लिए खेलकूद, आवागमन और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों हेतु बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। प्रस्ताव को एसएमडीसी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया।

प्रधान पाठिका द्वारा पुरस्कार की राशि को व्यक्तिगत उपयोग के बजाय शाला एवं विद्यार्थियों के हित में लगाने के निर्णय की समिति सदस्यों ने भूरी-भूरी सराहना की। सदस्यों ने कहा कि यह पहल शाला विकास के प्रति समर्पण, जिम्मेदारी और सेवा भावना का प्रेरणादायी उदाहरण है।

बैठक में एसएमडीसी अध्यक्ष श्रीमती राधा गुप्ता, शिक्षाविद् श्रीमती रुकमणी जायसवाल, कोषाध्यक्ष  सनेश कुमार निर्मलकर सहित सदस्य श्रीमती प्रेमा, श्रीमती सरिता शुक्ला, श्रीमती बेबी सिंह, श्रीमती सरस्वती एवं श्रीमती गीतारानी तथा अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ