सेवा संकल्प अभियान के तहत कोरिया में होंगे 12 प्रमुख कार्यक्रम, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा, जनभागीदारी और जनसंवाद की विभिन्न गतिविधियां होंगी आयोजित


कोरिया बैकुंठपुर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना को केंद्र में रखते हुए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक कोरिया जिले में सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जाएगा। अभियान के दौरान जिले में सेवा, जनभागीदारी, सामाजिक जागरूकता, सांस्कृतिक गतिविधियों, नवाचार और जनसंवाद से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम से होगी। इसके अंतर्गत दीप प्रज्वलन एवं जन आभार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही अभियान अवधि में विभिन्न रचनात्मक एवं जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

अभियान के तहत 'मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा' के अंतर्गत राष्ट्रव्यापी ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता 18, 19 एवं 28 सितंबर तथा 1 एवं 3 अक्टूबर को आयोजित होगी। 'नमो सेवा-अनकही कहानियां' के माध्यम से संगीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। यह गतिविधि 7 से 21 सितंबर, 6 से 10 अक्टूबर तथा 15 से 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित है।

इसी क्रम में 'आंगन मिलन सेवा' के तहत आंगनबाड़ी सम्मान एवं मातृ संवाद, 'सेवा की कहानी' के माध्यम से बदलाव की वास्तविक कहानियों को सामने लाने तथा 'सेवा ज्योति कलश यात्रा' के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की गतिविधियां होंगी।

अभियान में 'वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा”, 'सेवा मेरा योगदान”, “सेवा सेतु अभियान”, 'सेवा के रंग, राष्ट्र के संग' तथा “सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज” जैसे कार्यक्रम भी शामिल हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से जल, जन और सेवा संकल्प, जनभागीदारी से सेवा कार्य, सरकार आपके द्वार, आभार एवं संकल्प की रंगोली तथा स्थानीय स्तर पर नवाचार को प्रोत्साहित किया जाएगा।

अभियान के समापन अवसर पर 17 अक्टूबर को 'सुशासन सेवा संवाद' आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनसेवा और सुशासन से जुड़े विषयों पर संवाद होगा।

सेवा और जनभागीदारी बनेगी अभियान की पहचान,

कोरिया जिले में आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य सेवा कार्यों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना, जनभागीदारी को बढ़ावा देना और समाज के विभिन्न वर्गों में सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना है। एक माह तक चलने वाले इस अभियान में जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सेवा और जनभागीदारी का संदेश व्यापक रूप से पहुंचाया जाएगा।

सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से कोरिया में 'सेवा और जनभागीदारी से विकसित कोरिया' की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ