कोरिया बैकुंठपुर । कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर स्थित एकमात्र रेलवे आरक्षण काउंटर की स्थिति लंबे समय से जर्जर और दयनीय बनी हुई है। स्थानीय लोगों द्वारा कई बार संबंधित अधिकारियों को लिखित एवं मौखिक रूप से इसकी जानकारी देने के बावजूद आज तक कोई सुधारात्मक कदम नहीं उठाया गया है। इससे यात्रियों के साथ-साथ यहां कार्यरत कर्मचारियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे आरक्षण काउंटर भवन में आवश्यक सुविधाओं का अभाव साफ दिखाई देता है। भवन की स्थिति जर्जर होने के कारण बरसात के दिनों में परेशानी और बढ़ जाती है। पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं होने से कर्मचारियों को सीमित साधनों के बीच कार्य करना पड़ रहा है, जिससे टिकट आरक्षण और अन्य सेवाएं भी प्रभावित होती हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिला मुख्यालय होने के बावजूद रेलवे की इस महत्वपूर्ण सुविधा की लगातार उपेक्षा की जा रही है। कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को पत्र लिखे गए और जनप्रतिनिधियों का भी ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। लोगों में इस बात को लेकर गहरा आक्रोश है कि वर्षों से समस्या बनी रहने के बावजूद कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है।
नागरिकों का कहना है कि "कौन सुनेगा, किसको सुनाएं, यहां नेता और अधिकारी मानो गूंगे-बहरे हो गए हैं।" उनका आरोप है कि आम जनता की मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है, जबकि रेलवे आरक्षण काउंटर पूरे जिले के यात्रियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण केंद्र है।
स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि आरक्षण काउंटर भवन का शीघ्र जीर्णोद्धार कराया जाए, आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तथा यात्रियों और कर्मचारियों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि लोगों को परेशानी से राहत मिल सके।




0 टिप्पणियाँ