नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट
कोरिया चरचा कालरी........चरचा थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुर-चरचा नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 8 स्थित ऑफिसर कॉलोनी (बी-टाइप कॉलोनी) में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाते हुए घरों के बाहर खड़े दो दर्जन से भी अधिक वाहनों के शीशे तोड़ दिए। सुबह जब लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकले तो वाहनों की टूटी हुई खिड़कियां और चारों ओर बिखरे कांच देखकर स्तब्ध रह गए। देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
गौरतलब है कि इसी कॉलोनी में निवासरत वर्तमान चरचा थाना प्रभारी महानंदी जी की घर के बाहर खड़ी आल्टो कार को भी असामाजिक तत्वों ने नहीं बख्शा। उनकी कार के शीशे भी तोड़ दिए गए। इससे स्पष्ट है कि बदमाशों ने बिना किसी भय के पूरी कॉलोनी में आतंक का माहौल बनाने का प्रयास किया।प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस घटना में स्थानीय वाहन मालिकों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। अधिकांश वाहनों के आगे, पीछे एवं साइड के शीशे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। घटना के बाद कॉलोनीवासियों में भारी आक्रोश और भय का वातावरण व्याप्त है। लोगों ने रात के समय सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
उल्लेखनीय है कि लगभग तीन वर्ष पूर्व भी चरचा कोलरी क्षेत्र में इसी तरह की घटना हुई थी, जब अज्ञात बदमाशों ने दर्जनों वाहनों के शीशे तोड़ दिए थे। उस समय चरचा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। अब एक बार फिर उसी प्रकार की घटना ने क्षेत्रवासियों की चिंता बढ़ा दी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।चरचा थाना प्रभारी महानंदी जी ने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।



0 टिप्पणियाँ