कोरिया बैकुंठपुर । सावन के दूसरे सोमवार के पावन अवसर पर जिला मुख्यालय बैकुंठपुर स्थित प्रेमाबाग मंदिर परिसर से गौ माता की सेवा, संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से संचालित ‘रोटी बैंक’ के नवीन चलित वाहन का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वाहन को हरी झंडी दिखाकर सेवा कार्य के लिए रवाना किया गया। कार्यक्रम में गौ सेवा से जुड़े लोगों एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता करते हुए इस पुनीत पहल को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
गौ सेवा के इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने में सहयोग के लिए नगर पालिका बैकुंठपुर की अध्यक्ष श्रीमती नविता शैलेश शिवहरे के प्रति आयोजकों ने हार्दिक आभार एवं साधुवाद व्यक्त किया। नवीन चलित वाहन के माध्यम से शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में लोगों के घरों से गौ माता के लिए रोटियां एकत्रित कर उन्हें जरूरतमंद एवं बेसहारा गौवंश तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।
गौ रक्षक अनुराग दुबे के नेतृत्व में जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में संचालित रोटी बैंक गौ सेवा के क्षेत्र में लगातार सराहनीय कार्य कर रहा है। इस पहल का उद्देश्य केवल गौवंश को भोजन उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों को गौ सेवा के प्रति जागरूक करना और उन्हें इस सेवा अभियान से जोड़ना भी है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि गौ सेवा हमारी संस्कृति, संवेदना और सेवा भाव का प्रतीक है। भारतीय परंपरा में गौ माता के प्रति श्रद्धा और संरक्षण की भावना सदियों से चली आ रही है। ऐसे में रोटी बैंक जैसी पहल समाज में सेवा और करुणा की भावना को मजबूत करने का कार्य कर रही है।
आयोजकों ने आम नागरिकों से अपील की कि घर में बनने वाली अतिरिक्त रोटियों को फेंकने के बजाय रोटी बैंक के माध्यम से गौ माता तक पहुंचाएं और इस पुनीत अभियान में सहभागी बनें। सामूहिक सहभागिता से यह सेवा कार्य और अधिक व्यापक रूप ले सकता है।


0 टिप्पणियाँ