शराब के नशे में वाहन चलाना पड़ा महंगा,..... न्यायालय ने लगाया दस हजार का जुर्माना........ थाना चरचा की त्वरित कार्रवाई से नशे में वाहन चलाने वालों को सख्त संदेश — यातायात नियमों का पालन करने की अपील.......



 नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट 

कोरिया चरचा कालरी..... पुलिस अधीक्षक कोरिया के निर्देशों के तहत जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं दुर्घटनाओं से होने वाली जनहानि को कम करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना चरचा पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालक के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।थाना चरचा पुलिस द्वारा नागेश्वर प्रसाद पिता कौशल प्रसाद, उम्र 32 वर्ष, निवासी विवेकानंद कॉलोनी के विरुद्ध शराब के नशे में वाहन चलाने के मामले में धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए इस्तगासा माननीय न्यायालय में पेश किया गया। प्रकरण में सुनवाई के पश्चात माननीय न्यायालय द्वारा आरोपी को ₹10,000 के अर्थदंड से दंडित किया गया।

पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा शराब के नशे में वाहन चलाने जैसी लापरवाही पर प्रभावी अंकुश लगाना है। नशे की हालत में वाहन चलाने से चालक का वाहन पर नियंत्रण कम हो जाता है, जिससे गंभीर सड़क दुर्घटना होने की आशंका बढ़ जाती है। ऐसी दुर्घटनाओं में चालक के साथ-साथ राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।

थाना चरचा प्रभारी द्वारा शराबी वाहन चालक के विरुद्ध की गई कार्रवाई पर स्थानीय नगरवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पुलिस की पहल का स्वागत किया। नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में बेलगाम एवं लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई बेहद आवश्यक है।यदि पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी प्रकार लगातार कार्रवाई की जाती रहे तो निश्चित रूप से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।

शराब पीकर वाहन चलाना केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि अपने और दूसरे लोगों के जीवन को खतरे में डालना है। थोड़ी-सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है। इसलिए प्रत्येक वाहन चालक को चाहिए कि वह नशे की स्थिति में वाहन न चलाए और यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित वाहन चलाए।

थाना चरचा पुलिस की यह कार्रवाई यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ