कोरिया बैकुंठपुर । गौ सेवा और गौ संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रही गौ रक्षा वाहिनी को नगर पालिका बैकुंठपुर की ओर से एक नई सौगात मिली है। नगर पालिका अध्यक्ष नविता शैलेश शिवहरे, पार्षद राहुल गुप्ता एवं पार्षद अंकित गुप्ता (लवी) के सहयोग से अध्यक्ष एवं पार्षद निधि से गौ रक्षा वाहिनी संगठन को नया रोटी रिक्शा बैंक प्रदान किया गया है। इस पहल से शहर में बेसहारा एवं गौवंश के लिए रोटी एवं अन्य खाद्य सामग्री एकत्रित करने तथा उसे व्यवस्थित रूप से पहुंचाने के कार्य को और गति मिलने की उम्मीद है।
गौ रक्षा वाहिनी से जुड़े सदस्यों ने बताया कि संगठन द्वारा लंबे समय से गौ सेवा के साथ-साथ नगर में घूमने वाले गौवंश के लिए भोजन की व्यवस्था की जाती रही है। नागरिकों के घरों एवं विभिन्न स्थानों से रोटियां एकत्रित कर जरूरतमंद गौवंश तक पहुंचाने में रोटी रिक्शा बैंक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। नए रोटी रिक्शा के मिलने से इस सेवा कार्य का दायरा बढ़ाने में मदद मिलेगी।
नए रोटी रिक्शा बैंक का पूजा-पाठ एवं शुभारंभ कार्यक्रम सोमवार, 10 अगस्त को दोपहर 12 बजे प्रेमा बाग प्रांगण में आयोजित किया जाएगा। गौ रक्षा वाहिनी द्वारा इस अवसर पर गौसेवा से जुड़े कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई है।
गौ रक्षा वाहिनी ने कहा कि गौवंश की सेवा केवल किसी एक संगठन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस तरह की पहल से लोगों में गौ सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और अधिक से अधिक लोग इस पुनीत कार्य से जुड़ सकेंगे।
संगठन ने सभी गौसेवकों एवं नगरवासियों से आग्रह किया है कि वे अपने व्यस्त समय में से कुछ समय निकालकर 10 अगस्त को दोपहर 12 बजे प्रेमा बाग प्रांगण पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागी बनें और गौसेवा के इस अभियान को अपना सहयोग प्रदान करें।

0 टिप्पणियाँ