नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट
कोरिया/चरचा कालरी। नगर पालिका शिवपुर-चर्चा में नगर क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से व्यापक स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जायसवाल के निर्देशन में बिना किसी भेदभाव के सभी वार्डों में युद्धस्तर पर सफाई कार्य किए जा रहे हैं। अभियान के तहत नालियों की सफाई, झाड़-झंखाड़ हटाने, घाट कटिंग, कचरा निष्पादन तथा अन्य आवश्यक स्वच्छता संबंधी कार्य लगातार कराए जा रहे हैं।
इसी क्रम में शनिवार को वार्ड क्रमांक 2 में पार्षद प्रदीप राजवाड़े तथा वार्ड क्रमांक 15 में पार्षद प्रदीप तिवारी की उपस्थिति में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने नालियों की गहन सफाई कर जल निकासी को सुचारु बनाया, वहीं झाड़-झंखाड़ हटाकर आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ किया गया। अभियान के दौरान पार्षद लाल मोहम्मद भी मौजूद रहे और सफाई कार्यों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जायसवाल ने कहा कि नगरवासियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि वर्षा ऋतु को देखते हुए सभी वार्डों में नालियों की नियमित सफाई कराई जा रही है ताकि जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो और मच्छरों एवं संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका कम हो। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आगामी दिनों में सभी वार्डों में कीटनाशकों का छिड़काव भी कराया जाएगा, जिससे नागरिकों को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण मिल सके।
नगर पालिका द्वारा बिना किसी भेदभाव के सभी वार्डों में समान रूप से चलाए जा रहे इस स्वच्छता अभियान की नगरवासियों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि नियमित सफाई और जल निकासी व्यवस्था में सुधार से न केवल स्वच्छता बढ़ेगी, बल्कि बरसात के मौसम में होने वाली समस्याओं से भी राहत मिलेगी। नागरिकों ने इस जनहितकारी पहल को नगर के समग्र विकास और बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।


0 टिप्पणियाँ