कोरिया बैकुंठपुर । कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में यातायात विभाग में पदस्थ राष्ट्रपति पदक प्राप्त हवलदार एवं "ट्रैफिक मैन" के नाम से प्रसिद्ध डॉ. महेश मिश्रा को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा ने 5 हजार रुपये का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया है। यह सम्मान उन्हें सड़क सुरक्षा, यातायात जागरूकता, सामुदायिक पुलिसिंग, समाज सेवा तथा जनहित के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. महेश मिश्रा लंबे समय से कोरिया जिले में लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं। विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं विभिन्न सामाजिक आयोजनों में वे लोगों को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराते रहे हैं। उनकी कार्यशैली और जनसंपर्क ने उन्हें जिले में एक अलग पहचान दिलाई है। उनके प्रयासों से अनेक लोगों में हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने के प्रति सकारात्मक जागरूकता बढ़ी है।
आईजी दीपक कुमार झा द्वारा प्रदान किए गए 5 हजार रुपये के नगद पुरस्कार के अलावा डीआईजी नगर सेना राजेश पाण्डेय तथा पुलिस अधीक्षक कोरिया ने भी उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए 500-500 रुपये का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मिली इस सराहना से पुलिस एवं नगर सेना के जवानों में भी बेहतर कार्य करने का उत्साह बढ़ा है।
गौरतलब है कि डॉ. महेश मिश्रा ने हाल ही में "यातायात नियमों के परिपालन संबंधी जागरूकता का अध्ययन : छत्तीसगढ़ राज्य के कोरिया जिले के विशेष संदर्भ में" विषय पर शोध कार्य पूर्ण कर पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। उनका यह शोध सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण माना जा रहा है तथा भविष्य में नीति निर्माण एवं जनजागरूकता अभियानों के लिए भी उपयोगी साबित हो सकता है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. महेश मिश्रा ने जिले के सभी वाहन चालकों एवं सड़क उपयोगकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि सड़क पर चलते समय हमेशा यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित ढंग से अपने गंतव्य तक पहुंचें। उन्होंने कहा, "सड़क दुर्घटनाएं अपने आप नहीं होतीं, बल्कि थोड़ी सी लापरवाही किसी की भी जिंदगी छीन सकती है। इसलिए हेलमेट पहनें, सीट बेल्ट लगाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और यातायात पुलिस का सहयोग करें। आपकी सतर्कता ही आपकी और दूसरों की सुरक्षा की सबसे बड़ी गारंटी है।" वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मिला यह सम्मान डॉ. महेश मिश्रा के उत्कृष्ट कार्यों की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

0 टिप्पणियाँ