कोरिया बैकुंठपुर / आगामी वर्ष 2027 में होने वाले नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कार्य समिति द्वारा कोरिया जिले के वरिष्ठ एवं दिग्गज कांग्रेसी नेता योगेश शुक्ला को नगर पालिका परिषद शिवपुर-चर्चा का चुनाव प्रभारी नियुक्त किए जाने के बाद पूरे क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है। पार्टी के इस निर्णय को कांग्रेस संगठन को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
योगेश शुक्ला लंबे समय से कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनकी संगठन क्षमता, कार्यकर्ताओं से मजबूत तालमेल और चुनावी रणनीति को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उनकी नियुक्ति से शिवपुर-चर्चा नगर पालिका क्षेत्र में कांग्रेस को नई मजबूती मिलेगी और आगामी चुनाव में पार्टी को बड़ा लाभ मिल सकता है।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद शिवपुर-चर्चा की नेता प्रतिपक्ष लालमुनि यादव, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष भूपेंद्र यादव, विक्रांत सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने योगेश शुक्ला को शुभकामनाएं एवं बधाई दी। कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की और पार्टी नेतृत्व के फैसले का स्वागत किया।
नेता प्रतिपक्ष लालमुनि यादव ने कहा कि योगेश शुक्ला का नेतृत्व अनुभव और संघर्षशील व्यक्तित्व कांग्रेस पार्टी के लिए नई ऊर्जा का कार्य करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी नगर पालिका चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। लालमुनि यादव ने कहा कि “आपके नेतृत्व, संघर्ष और संगठन क्षमता से निश्चित ही चर्चा नगर पालिका में नई ऊर्जा और ऐतिहासिक विजय का मार्ग प्रशस्त होगा।”
जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष भूपेंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने जमीनी स्तर पर सक्रिय और मजबूत नेता को जिम्मेदारी देकर कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आगामी चुनाव में विकास, जनहित और पारदर्शिता के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और जनता का भरपूर समर्थन प्राप्त करेगी।
वहीं विक्रांत सिंह सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी भरोसा जताया कि योगेश शुक्ला के नेतृत्व में संगठन बूथ स्तर तक मजबूत होगा और पार्टी नगर पालिका परिषद शिवपुर-चर्चा में शानदार प्रदर्शन करेगी।
कार्यकर्ताओं ने इस दौरान उत्साह के साथ नारे लगाए—
“कोरिया टाइगर के नेतृत्व में,
अबकी बार जीत शानदार होगी।”
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मानना है कि प्रदेश नेतृत्व द्वारा लिया गया यह निर्णय आगामी चुनावी रणनीति में महत्वपूर्ण साबित होगा और इससे पार्टी को नगर पालिका क्षेत्र में मजबूती मिलेगी। अब संगठन स्तर पर बैठकों और जनसंपर्क अभियान को और तेज करने की तैयारी शुरू हो गई है।


0 टिप्पणियाँ