मनसुख में नवीन धान खरीदी केंद्र की सौगात, किसानों ने विधायक भैयालाल राजवाड़े का जताया आभार, वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, बड़ी संख्या में पहुंचे किसान और जनप्रतिनिधि


कोरिया बैकुंठपुर । बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र के किसानों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। मनसुख में नवीन धान खरीदी केंद्र की स्वीकृति को किसानों के लिए बड़ी सौगात के रूप में देखा जा रहा है। नवीन धान खरीदी केंद्र की स्वीकृति एवं किसानों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर क्षेत्र के किसान भारी संख्या में एकत्रित होकर बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक भैयालाल राजवाड़े के प्रति आभार व्यक्त करने पहुंचे।

क्षेत्र के किसानों ने कहा कि मनसुख में नवीन धान खरीदी केंद्र की स्थापना से आसपास के अनेक गांवों के किसानों को बड़ी सुविधा मिलेगी। धान विक्रय के लिए किसानों को दूरस्थ खरीदी केंद्रों तक जाने में जो परेशानी होती थी, उससे अब काफी हद तक राहत मिलेगी। समय, श्रम और परिवहन की समस्या से जूझ रहे किसानों के लिए यह केंद्र किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है।

किसानों ने विधायक भैयालाल राजवाड़े के अथक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके सतत प्रयासों और किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के कारण क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो सकी है। किसानों ने इस उपलब्धि के लिए विधायक का हृदय से आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर मनसुख, अमरपुर, पोटेडाड़, डोहड़ा एवं चिल्का ग्राम पंचायतों के सरपंचों की उपस्थिति रही। साथ ही क्षेत्र की लोकप्रिय जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सौभाग्यवती सिंह खुसरो, पूर्व मंडल अध्यक्ष गोपाल राजवाड़े, पूर्व सरपंच राकेश खाखा, वरिष्ठ नागरिक सुखदेव पैकरा सहित बड़ी संख्या में किसान एवं स्थानीयजन उपस्थित रहे।

उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने कहा कि धान खरीदी केंद्र की मांग लंबे समय से की जा रही थी। क्षेत्र के किसान लगातार अपनी सुविधा के लिए नवीन केंद्र खोलने की मांग कर रहे थे। अब मांग पूरी होने से किसानों में उत्साह और संतोष देखा जा रहा है।

किसानों ने इस अवसर पर कहा कि यह उपलब्धि केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की सामूहिक जीत है। मांग को पूरा कराने में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं किसान साथियों को बधाई और शुभकामनाएं दी गईं।

क्षेत्रवासियों ने एक स्वर में कहा— किसानों की मेहनत रंग लाई और क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई। मनसुख में नवीन धान खरीदी केंद्र की स्वीकृति हम सभी की सामूहिक जीत है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ