नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट
कोरिया चरचा कालरी........ चरचा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पालिका शिवपुर-चर्चा के वार्ड क्रमांक 8 में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए चर्चा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गए सामानों को बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ा है प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय चिकित्सालय में पदस्थ डॉक्टर इंदुमती पिता पेरिया स्वामी, जो विभागीय आवास क्रमांक C-16 में निवासरत हैं, के घर में 29 अप्रैल 2026 को सुबह लगभग 9 बजे से 11 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया था। चोरों ने घर से लैपटॉप, लैपटॉप चार्जर, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, दो नग मोबाइल फोन, पाइथन घड़ी, टाइटन घड़ी एवं लगभग 5 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए थे।
घटना की सूचना मिलते ही चर्चा थाना प्रभारी आनंद सोनी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच प्रारंभ की। चरचा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच तेज की और मात्र 24 घंटे के भीतर आरोपी अभिषेक कुमार पिता सीमन, उम्र 25 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 7 रूपनगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए सामानों को भी बरामद कर लिया है।पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 305(ए), 331(3) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया है।
इधर चोरी की घटना वाले दिन ही डॉक्टर इंदुमती के घर के समीप रहने वाले एक अधिकारी के मकान के बाहर खड़ी कार को अज्ञात लोगों द्वारा आग के हवाले कर दिया गया। अचानक हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों में भय का माहौल व्याप्त हो गया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लगातार सामने आ रही घटनाएं क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। लोगों ने कार जलाने वाले आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
इस चोरी के प्रकरण को सुलझाने में थाना प्रभारी आनंद सोनी के नेतृत्व में एएसआई घनश्याम यादव, प्रधान आरक्षक अमित त्रिपाठी, एवं विकास सिंह नगर सैनिक की विशेष भूमिका रही। पुलिस टीम की सक्रियता एवं तत्परता की क्षेत्रवासियों द्वारा सराहना की जा रही है।लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच चर्चा पुलिस द्वारा इतनी कम अवधि में चोरी का खुलासा कर आरोपी की गिरफ्तारी किए जाने से आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है। हालांकि कार जलाने की घटना अब भी चर्चा पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है, जिस पर लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं।

0 टिप्पणियाँ