कोरिया बैकुंठपुर। कोरिया जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 स्थित ग्राम नगर में  28 अप्रैल  को यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान वाहन चालक, वाहन मालिक एवं यात्रियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।

अभियान के तहत विशेष रूप से माल वाहक वाहनों में सफर नहीं करने की समझाइश दी गई। अधिकारियों ने बताया कि माल वाहक वाहन यात्रियों के परिवहन के लिए नहीं होते हैं और इनमें सफर करना दुर्घटना की स्थिति में अत्यंत खतरनाक साबित हो सकता है। लोगों से अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यात्री वाहनों का ही उपयोग करने की अपील की गई।

इस दौरान वाहन चालकों को नियंत्रित गति में वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर यातायात प्रभारी धनंजय सिंह, महेश मिश्रा, राकेश मिश्रा, शहित यातायात विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।  वहीं यातायात प्रभारी ने कहा कि तेज गति सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है, इसलिए निर्धारित गति सीमा का पालन करना सभी के लिए आवश्यक है। दोपहिया वाहन चालकों एवं पीछे बैठने वाले व्यक्तियों को हेलमेट पहनने तथा चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को “गुड सेमेरिटन” एवं “राहवीर योजना” की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करने वाले नागरिकों को शासन द्वारा प्रोत्साहन एवं सुरक्षा प्रदान की जाती है। लोगों से अपील की गई कि दुर्घटना के समय घायलों की मदद करने में आगे आएं और मानवता का परिचय दें।

यातायात जागरूकता अभियान के माध्यम से आमजन को सुरक्षित यात्रा और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।