जल संरक्षण को जन अभियान बनाने का संकल्प, पेयजल आपूर्ति सुदृढ़ करने के निर्देश, मोर गांव मोर पानी अभियान में जनप्रतिनिधियों का शत-प्रतिशत योगदान, वीबी जीरामजी योजना में 42 लाख से अधिक मानव दिवस स्वीकृत


कोरिया बैकुंठपुर / कोरिया जिले में गत वर्ष प्रारंभ किया गया जल संरक्षण अभियान अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है। इस अभियान को और व्यापक बनाने के उद्देश्य से गत दिनों जिला पंचायत कोरिया की सामान्य सभा की बैठक में सर्वसम्मति से एक महत्वपूर्ण संकल्प पारित किया गया। बैठक में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों ने 'मोर गांव मोर पानी' अभियान में शत-प्रतिशत योगदान देने तथा वर्षा जल की प्रत्येक बूंद को संरक्षित करने हेतु सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना राजवाड़े सहित सभी जिला पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिले में संचालित जल संरक्षण कार्यों में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी के लिए धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात अध्यक्ष ने “मोर गांव मोर पानी” अभियान को जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से सभी जनप्रतिनिधियों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को शपथ दिलाई। सामान्य सभा में विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान अध्यक्ष ने कहा कि गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए सभी हैंडपंपों की समय पर जांच कराई जाए तथा पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की जल समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक रखरखाव एवं मरम्मत कार्य समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में वीबी जीरामजी योजना के अंतर्गत आगामी वित्तीय वर्ष के लिए लेबर बजट को भी अनुमोदित किया गया। इस योजना के तहत पंजीकृत श्रमिकों को मांग के आधार पर अकुशल श्रम उपलब्ध कराने के लिए 42 लाख 27 हजार से अधिक मानव दिवस का कार्यप्रस्ताव स्वीकृत किया गया। 

जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि यह प्रस्ताव पिछले तीन वर्षों के कार्य मांग के आधार पर तैयार किया गया है।

बैठक में पूर्व में आयोजित सामान्य सभा की कार्यवाही पर विभागीय प्रगति की समीक्षा की गई। इसके पश्चात जिला पंचायत सदस्यों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े जनहित के विभिन्न मुद्दे उठाए गए। सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करते हुए सीईओ डॉ. चतुर्वेदी ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही कर जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ