कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने विभिन्न कार्यालयों एवं संस्थानों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश


खड़गांव/मानपुर। जिले की कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यालयों एवं संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के क्रम में कलेक्टर तहसील कार्यालय खड़गांव पहुंचीं, जहां उन्होंने लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी न हो। साथ ही उन्होंने रिकॉर्ड संधारण एवं कार्यालयीन व्यवस्था को व्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया।

इसके पश्चात कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र खड़गांव का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फार्मासिस्ट के अनुपस्थित पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, दवाओं के स्टॉक एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की भी जानकारी ली और व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास मानपुर का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने छात्राओं से सीधी बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्रावास की साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सभी विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और आमजन की समस्याओं के समाधान में तत्परता दिखाने की हिदायत दी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ