कोरिया बैकुंठपुर / टीबी मुक्त 100 दिवसीय भारत अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य शिविरों के प्रभावी संचालन एवं जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय समाज प्रमुखों की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिला कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई, जिसमें जिले के विभिन्न समाजों के प्रमुखों की उपस्थिति रही।
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में गांव-गांव में निःशुल्क आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। सभी समाज प्रमुखों से अपील की गई कि वे अपने समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इन शिविरों का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें तथा टीबी मुक्त भारत अभियान के प्रति जागरूकता फैलाएं, जिससे अभियान को सफल बनाया जा सके।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने समाज प्रमुखो से कहा बीमारी कोई भी हो बचाव के लिए जागरूकता जरूरी है ताकि समय पर जांच हो और बीमारी का उपचार हो सके। उन्होंने अपील करते हुए कहा टीबी मुक्त समाज बनाने में आप सबकी सहभागिता आवश्यक है। इसलिए इसमें सहयोग करें, जांच करने के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर सभी समाज प्रमुखों को टीबी मुक्त भारत, टीबी मुक्त छत्तीसगढ़ एवं टीबी मुक्त कोरिया बनाने हेतु शपथ भी दिलाई गई।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, जिला कार्यक्रम प्रबंधक असरफ अंसारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।इस पहल से जिले में टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने में जनसहभागिता बढ़ने की उम्मीद है।

0 टिप्पणियाँ