टावर चौक पर चला जनजागरूकता अभियान,.......... चरचा पुलिस ने नशामुक्ति व साइबर सुरक्षा का दिया संदेश...



नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट 

 कोरिया चरचा कॉलरी........ सामुदायिक पुलिसिंग के तहत चरचा थाना पुलिस द्वारा नगर पालिका शिवपुर-चर्चा के मुख्य मार्ग स्थित टावर चौक में जनजागरूकता अभियान चलाकर आम नागरिकों, ऑटो चालकों एवं राहगीरों को नशामुक्ति तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

इस दौरान थाना प्रभारी आनंद सोनी, प्रशिक्षु एसआई केशव, नगर सैनिक विकास सिंह एवं महिला स्टाफ रंजना सहित सामान्य नागरिक गण उपस्थित रहे चरचा पुलिस प्रशासन ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। नशे की लत से अपराध बढ़ते हैं तथा युवा वर्ग का भविष्य भी प्रभावित होता है। उन्होंने सभी से नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।

पुलिस टीम ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों को साइबर फ्रॉड, एटीएम फ्रॉड, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे नए साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि कोई भी सरकारी एजेंसी फोन या वीडियो कॉल के माध्यम से किसी व्यक्ति को "डिजिटल अरेस्ट" नहीं करती। यदि इस प्रकार की कोई कॉल प्राप्त हो तो घबराने के बजाय तुरंत कॉल काटकर पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।

अभियान के दौरान उपस्थित ऑटो चालकों एवं नागरिकों ने पुलिस द्वारा दी गई जानकारी को उपयोगी बताते हुए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना की। चरचा थाना पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार के साइबर अपराध, संदिग्ध गतिविधि अथवा नशे के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत चलाया गया यह जनजागरूकता अभियान चर्चा थाना की एक सराहनीय पहल साबित हुआ, जिससे आमजन में सुरक्षा, जागरूकता और पुलिस के प्रति विश्वास को और अधिक मजबूती मिली।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ