मोहर्रम पर्व को सौहार्द एवं शांति के साथ मनाने की अपील....... थाना चरचा में शांति समिति की बैठक संपन्न.......



नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट 

कोरिया चरचा कालरी. .  . आगामी मोहहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना चरचा परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रीमती आशा सेन उप पुलिस अधीक्षक कोरिया के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी आनंद सोनी की उपस्थिति में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा अंजुमन इस्लामिया कमेटी के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में अंजुमन इस्लामिया कमेटी चरचा के मोहम्मद शराफत अली, मोहम्मद नौशाद, मोहम्मद अकरम, सोहैल अहमद सहित नगर पालिका शिवपुर-चरचा के उपाध्यक्ष राजेश सिंह, वरिष्ठ पत्रकार नीरज गुप्ता, पवन अग्रवाल, प्रकाश शर्मा, धर्मपाल पार्षद एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।बैठक के दौरान मोहहर्रम पर्व के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं उनके समय की जानकारी समिति द्वारा पुलिस प्रशासन को दी गई। बताया गया कि 24 जून को शाम 7 बजे मुस्लिम समाज द्वारा ताजिया एवं जुलूस निकाला जाएगा, जो राजीव गांधी चौक, बीटीसी कॉलोनी, न्यू मार्केट होते हुए सुभाष चौक पहुंचकर संपन्न होगा। जुलूस के दौरान विभिन्न पारंपरिक खेलों एवं हैरतअंगेज करतबों का भी प्रदर्शन किया जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए वास्तविक हथियारों के स्थान पर डमी हथियारों के प्रदर्शन की सलाह दी तथा सभी आयोजनों को नियमों के अनुरूप संपन्न कराने का आग्रह किया। वहीं 26 जून को मस्जिद परिसर के सामने आयोजित होने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी भी कमेटी द्वारा दी गई। यातायात व्यवस्था को लेकर समिति द्वारा आवश्यक सहयोग की मांग की गई, जिस पर थाना प्रभारी आनंद सोनी ने प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने क्षेत्र में आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखते हुए मोहहर्रम पर्व मनाने का संकल्प व्यक्त किया।

मोहहर्रम इस्लामी नववर्ष का प्रथम महीना है और यह त्याग, बलिदान, सत्य तथा इंसानियत की रक्षा के लिए दिए गए अद्वितीय बलिदान की याद दिलाता है। करबला की ऐतिहासिक घटना में हजरत इमाम हुसैन और उनके साथियों ने अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया था। इसी स्मृति में मोहहर्रम मनाया जाता है, जो समाज को सत्य, न्याय, धैर्य और मानवता का संदेश देता है।बैठक के अंत में पुलिस प्रशासन एवं शांति समिति के सदस्यों ने सभी नागरिकों से पर्व को शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं भाईचारे के वातावरण में मनाने की अपील की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ