कोरिया सोनहत (जिला कोरिया)। धर्म, आस्था और संस्कारों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से महादेव सेवा समिति सोनहत के तत्वावधान में श्री शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह सात दिवसीय आध्यात्मिक आयोजन 09 फरवरी से 16 फरवरी 2026 तक स्टेडियम ग्राउंड, सोनहत में संपन्न होगा, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं को शिव महापुराण की दिव्य कथाओं का श्रवण लाभ प्राप्त होगा।
कथा वाचन आचार्य विनय कान्त त्रिपाठी (श्रीधाम वृंदावन) के श्रीमुख से किया जाएगा। कथा प्रतिदिन दोपहर 02 बजे से सायं 06 बजे तक आयोजित होगी। कार्यक्रम का शुभारंभ 09 फरवरी 2026 (सोमवार) को कलश यात्रा, महात्म्य कथा एवं शिवलिंग पूजन के साथ किया जाएगा।
कथा के दौरान शिव निवास रुद्राक्ष महिमा, नारद मोह, कामदेव-सती-पार्वती चरित्र, शिव-पार्वती विवाह महोत्सव, कार्तिकेय चरित्र, गणेश जन्मोत्सव, नंदीश्वर अवतार, हनुमान जन्मोत्सव, द्वादश ज्योतिर्लिंग महोत्सव, पार्थिव शिवलिंग एवं देवी चरित्र जैसे प्रमुख प्रसंगों का विस्तृत वर्णन किया जाएगा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर 16 फरवरी 2026 (सोमवार) को प्रातः 11 बजे से भंडारा एवं पूर्णाहुति का आयोजन किया जाएगा। साथ ही प्रतिदिन रात्रि में भंडारा एवं प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था रहेगी।
इस धार्मिक आयोजन में श्रीमती रेणुका सिंह (विधायक, भरतपुर-सोनहत एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री, भारत सरकार) का विशेष सान्निध्य एवं मार्गदर्शन प्राप्त होगा। आयोजक समिति ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे परिवार सहित इस पुण्य अवसर में सहभागी बनकर भगवान भोलेनाथ की कृपा प्राप्त करें।
आयोजक — महादेव सेवा समिति, सोनहत
स्थान — स्टेडियम ग्राउंड, सोनहत, जिला कोरिया (छ.ग.)


0 टिप्पणियाँ