समिति अध्यक्ष धर्मवती राजवाड़े की पहल पर किसानों को बड़ी राहत — धान खरीदी सीमा 2000 क्विंटल होगी


कोरिया बैकुंठपुर। जिले के किसानों के लिए नया साल खुशियों की सौगात लेकर आएगा। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित सलबा की अध्यक्ष एवं प्राधिकृत अधिकारी तथा जनपद सदस्य श्रीमती धर्मवती राजवाड़े की प्रभावी पहल के परिणामस्वरूप किसानों को बड़ी राहत मिली है। समिति सलबा में धान खरीदी की प्रतिदिन की सीमा बढ़ाने की उनकी मांग को कलेक्टर कोरिया ने स्वीकार कर लिया है। अब 1 जनवरी 2026 से प्रतिदिन धान खरीदी की सीमा 1300 क्विंटल से बढ़ाकर 2000 क्विंटल कर दी जाएगी। इस फैसले से न सिर्फ किसानों के समय की बचत होगी, बल्कि धान विक्रय की प्रक्रिया अधिक सुचारू और पारदर्शी बनकर उभरेगी।

जानकारी के अनुसार, लंबे समय से किसान धान खरीदी की सीमा कम होने से परेशान थे, जिससे खरीदी केंद्र में भीड़ बढ़ती थी और किसानों को कई दिनों तक इंतज़ार करना पड़ता था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए समिति अध्यक्ष धर्मवती राजवाड़े ने प्रशासन के समक्ष विषय को मजबूती से उठाया। अंततः उनकी पहल रंग लाई और किसानों के हित में यह ऐतिहासिक निर्णय लिया गया।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर किसान हित से जुड़े कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे, जिनमें जगदीश सिंह (जिला उपाध्यक्ष, किसान मोर्चा), रामसुंदर राजवाड़े (पूर्व महामंत्री, भाजपा), राजेंद्र देवागन (महामंत्री, किसान मोर्चा) एवं अमीरचंद (भाजपा युवा नेता) शामिल थे। इन सभी ने समिति अध्यक्ष के नेतृत्व की खुलकर सराहना की और कहा कि यह कदम किसानों को आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करेगा।

इस निर्णय से सैकड़ों किसानों को धान बेचने का बेहतर अवसर मिलेगा, खरीदी की प्रक्रिया तेज़, पारदर्शी एवं व्यवस्थित होगी, वहीं समिति सलबा ने किसान हित में एक मिसाल पेश की है। कृषि व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में यह पहल निर्णायक मानी जा रही है और इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ