कालरी कर्मचारी की संदिग्ध मौत,..... तीन मंजिला आवास से गिरने की आशंका..... अंबेडकर नगर स्थित विभागीय आवास के आंगन में मिला शव ... सबसे ऊपरी मंजिल में रहता था मृतक, गिरकर नीचे आंगन में पहुंचा शव..... चरचा पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर शुरू की जांच......



नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट 

कोरिया चरचा कालरी ......... एसईसीएल चरचा कालरी क्षेत्र के अंबेडकर नगर स्थित विभागीय आवास परिसर में कालरी कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान श्यामलाल पाव (पिता – सुखदेव पाव), उम्र लगभग 50 वर्ष, के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार श्यामलाल पाव अंबेडकर नगर स्थित तीन मंजिला विभागीय आवास परिसर की सबसे ऊपरी मंजिल में रहता था। शुक्रवार की रात लगभग 3 बजे तक वह अपने घर में पत्नी के साथ मौजूद था। शनिवार सुबह आसपास के लोगों ने देखा कि श्यामलाल उसी आवास परिसर के निचले तल पर स्थित दूसरे विभागीय आवास के आंगन में मुंह के बल गिरा पड़ा है। उसके चारों ओर खून फैला हुआ था और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी।बताया जा रहा है कि ऊपर की मंजिल से गिरने के बाद उसका शव नीचे स्थित आवास के आंगन में जा गिरा। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि छत या ऊपरी मंजिल से गिरने के कारण उसकी मौत हुई है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

घटना की सूचना मिलते ही चर्चा थाना प्रभारी आनंद सोनी अपने पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच प्रारंभ की। जिस आवास के आंगन में शव मिला, वहां किराने दुकान का सामान आता नमक की बोरियां व अन्य घरेलू सामान भी रखा हुआ था। उपस्थित लोगों ने बताया कि सीटू यूनियन के अतिथियों के रहने के लिए उक्त आवास में व्यवस्था की जाती थी पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।थाना प्रभारी आनंद सोनी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से जांच कराई जाएगी, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। मृतक श्यामलाल के भाई ने बताया कि श्यामलाल नशे का आदी था व मानसिक रूप से भी बीमार था

घटना की सूचना मिलते ही बैकुंठपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक बी.एन. झा ने मृत कर्मचारी के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। वहीं चर्चा कालरी के क्षेत्र प्रबंधक संजय कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया।इस दौरान नगर पालिका शिवपुर-चर्चा के अध्यक्ष अरुण जायसवाल तथा उपाध्यक्ष राजेश सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल आवश्यक व्यवस्थाएं कराते हुए शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।

पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ