नवरात्र पर सेवा, स्नेह और सम्मान की मिसाल बनीं पूनम पाण्डेय, बच्चों को बांटे उपहार; धौराटीकुरा में हुआ सम्मान


कोरिया बैकुण्ठपुर। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर बैकुण्ठपुर में सेवा, स्नेह और सामाजिक सरोकार की प्रेरक तस्वीर देखने को मिली। शासकीय प्राथमिक जनपद कन्या शाला, बैकुण्ठपुर की प्रधान पाठक श्रीमती पूनम पाण्डेय ने कन्या भोज का आयोजन कर बच्चों के साथ खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर बच्चों को स्नेहपूर्वक भोजन कराया गया तथा श्रीमती पाण्डेय ने सभी बच्चों को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। उनकी इस पहल ने त्योहार की खुशियों को बच्चों के बीच बांटने और उनके चेहरों पर मुस्कान लाने का संदेश दिया।

इसी क्रम में शासकीय प्राथमिक शाला धौराटीकुरा में भी श्रीमती पूनम पाण्डेय द्वारा कन्या भोज का आयोजन किया गया। इस विद्यालय से उनका पुराना जुड़ाव रहा है। वे पूर्व में यहां सहायक शिक्षिका के पद पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। इस अवसर पर विद्यालय के वर्तमान प्रधान पाठक श्री अली अहमद ने श्रीमती पाण्डेय को सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह सम्मान उनके पूर्व सेवाकाल के प्रति कृतज्ञता, आत्मीयता और आपसी सम्मान का प्रतीक बना।

कार्यक्रम में प्रधान पाठक श्रीमती पूनम पाण्डेय, शिक्षिका श्रीमती सरिता मिश्रा, सनेश कुमार, शासकीय प्राथमिक शाला धौराटीकुरा के प्रधान पाठक  अली अहमद, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य एवं पालकगण उपस्थित रहे।

नवरात्र के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की सार्थकता केवल उत्सव मनाने में नहीं, बल्कि बच्चों के साथ खुशियां साझा करने, समाज में स्नेह बढ़ाने और एक-दूसरे के योगदान का सम्मान करने में भी निहित है। कन्या भोज के माध्यम से बच्चों को प्रोत्साहित करने और पूर्व सहयोगी शिक्षिका का सम्मान करने की यह पहल सामाजिक सद्भाव एवं मानवीय संवेदनाओं का सुंदर उदाहरण बनी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ