कोरिया बैकुंठपुर। बच्चों के प्रति स्नेह, समर्पण और सामाजिक सहभागिता की सुंदर मिसाल पेश करते हुए पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला बुडार में 15 अक्टूबर 2026 को सहायक शिक्षिका श्रीमती जया मिश्रा के द्वारा कन्या भोज एवं न्यौता भोज का आयोजन किया गया। इस आयोजन में बच्चों के प्रति आत्मीयता और अपनत्व का भाव देखने को मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के साथ खुशियाँ बाँटना तथा उनमें समानता, प्रेम और भाईचारे की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
आयोजन के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यालय में अभिभावकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया। बच्चों के साथ भोजन साझा करने की इस पहल ने विद्यालय और अभिभावकों के बीच आपसी विश्वास एवं जुड़ाव को मजबूत करने का संदेश दिया.
इस पुनीत आयोजन को सफल बनाने में अनिल पैकरा, प्रियंका कुशवाहा, निवेदिता कुजूर, अंकिता पांडेय, विजय राजवाड़े तथा विद्यालय के सभी रसोइयों ने सराहनीय सहयोग प्रदान किया।
शिक्षा के साथ संस्कार और संवेदनशीलता का संदेश,
कन्या भोज एवं न्यौता भोज जैसे आयोजन केवल भोजन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये बच्चों को समानता, सामाजिक सद्भाव, सहयोग और सामूहिकता का संदेश भी देते हैं। श्रीमती जया मिश्रा की इस पहल ने विद्यालय में आत्मीयता और सामुदायिक सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में शिक्षा के साथ प्रेम, सम्मान और संस्कारों का भी विशेष महत्व है।


0 टिप्पणियाँ