यात्री बसों की जांच में नियमों का उल्लंघन, एक बस जब्त, बस संचालकों को नोटिस, कमियां दूर करने के लिए 10 दिन का समय,


कोरिया बैकुंठपुर। जिला परिवहन कार्यालय कोरिया द्वारा विभिन्न मार्गों पर संचालित यात्री बसों एवं मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के अंतर्गत चलने वाली बसों की जांच की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर एक बस जब्त की गई तथा कुछ बस संचालकों को नोटिस जारी कर कमियां दूर करने के लिए 10 दिन का समय दिया गया।

जिला परिवहन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस एवं आधार कार्ड उपलब्ध नहीं होने, कंडक्टर द्वारा निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूलने और बस में किराया सूची प्रदर्शित नहीं होने जैसी कमियां सामने आईं। बसों में अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन खिड़की एवं निकास द्वार, सीसीटीवी कैमरा और प्राथमिक उपचार पेटी जैसी सुरक्षा सुविधाओं में भी कमियां पाई गईं।

जांच के दौरान मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के अंतर्गत संचालित बस सेवा के संबंध में यात्रियों से फीडबैक भी लिया गया। सभी बस संचालकों को वाहनों में निर्धारित किराया सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

परिवहन विभाग ने नोटिस प्राप्त बस संचालकों को निर्धारित समयावधि में कमियां दूर करने और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की हिदायत दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ