हिंद विद्यालय में भक्तिमय गरबा की धूम,..... सैकड़ों बच्चों ने एक साथ किया नृत्य... नवरात्रि पर्व पर विद्यालय परिसर में दिखा भक्ति, संस्कृति और उत्साह का अद्भुत संगम....; नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर अभिभावकों तक ने लिया आयोजन का आनंद.....



नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट 

चरचा कालरी ......नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर नगर पालिका शिवपुर-चरचा के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान हिंद विद्यालय इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल में बच्चों के लिए गरबा नृत्य का विशेष आयोजन किया गया। धार्मिक गीतों की मधुर धुनों के बीच विद्यालय परिसर में सैकड़ों बच्चों ने पूरे उत्साह, उमंग और भक्तिभाव के साथ गरबा किया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे बच्चों का सामूहिक नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। एक साथ सैकड़ों बच्चों के गरबा करने से विद्यालय परिसर में भक्तिमय और अलौकिक वातावरण निर्मित हो गया।

आयोजन की खास बात यह रही कि नर्सरी कक्षा के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ अपनी नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों के चेहरे पर खुशी, आत्मविश्वास और पर्व के प्रति उत्साह साफ झलक रहा था। इस विशेष आयोजन को देखने के लिए बच्चों के अभिभावक एवं परिजन भी विद्यालय पहुंचे। उन्होंने बच्चों के साथ गरबा आयोजन का आनंद लिया और उनके उत्साहवर्धन में सहभागिता निभाई।

 देशभर में बढ़ रही गरबा की लोकप्रियता.....गरबा गुजरात की समृद्ध लोक-सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा प्रसिद्ध सामूहिक नृत्य है, जो आज देशभर में नवरात्रि उत्सव की प्रमुख पहचान बन चुका है। मां दुर्गा की आराधना, शक्ति की उपासना और सामूहिक उल्लास का प्रतीक गरबा धार्मिक आस्था के साथ भारतीय संस्कृति की विविधता को भी दर्शाता है। नवरात्रि के नौ दिनों में देश के विभिन्न शहरों और कस्बों में गरबा एवं डांडिया के आयोजन होते हैं, जिनमें बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं।विद्यालयों में गरबा जैसे सांस्कृतिक आयोजनों का विशेष महत्व है। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय परंपराओं, धार्मिक मान्यताओं और सांस्कृतिक विरासत से परिचित होने का अवसर मिलता है। साथ ही बच्चों में सामूहिक सहभागिता, अनुशासन, आत्मविश्वास और अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने की भावना भी विकसित होती है। हिंद विद्यालय का यह आयोजन इसी सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने का सार्थक प्रयास है। 

हिंद विद्यालय इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों को भी प्राथमिकता दी जाती है। विद्यालय में समय-समय पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। पिछले कुछ वर्षों से नवरात्रि के अवसर पर गरबा नृत्य का आयोजन भी विद्यालय की विशेष परंपरा का हिस्सा बन गया है।इस कार्यक्रम को लेकर विद्यालय की छात्राओं में विशेष उत्साह रहता है। आसपास के क्षेत्रों की बच्चियां भी साल में एक बार आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम का बेसब्री से इंतजार करती हैं।


 आयोजन को आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के लिए विद्यालय परिसर में विशेष साउंड सिस्टम की व्यवस्था की जाती है, जिससे धार्मिक गीतों की धुन पर पूरा परिसर गरबामय हो उठता है।इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के संचालक निसार खान, प्राचार्य शशि भूषण राय, श्रीमती निशा राय, सुप्रिया राजवाड़े, मुस्कान विश्वकर्मा, शिल्पी सरकार, पुष्पा मंडल, लूसी मंडल, मिंटू सर, जयदेव सर, शफीक अहमद, राजाराम भगत सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहता है।विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों से यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहता, बल्कि बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का माध्यम भी बनता है। नवरात्रि के अवसर पर आयोजित इस भक्तिमय गरबा कार्यक्रम ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार के बीच उत्साह, अपनत्व और सांस्कृतिक एकता की सुंदर मिसाल प्रस्तुत की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ