कोरिया जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप. . देवांशी पटेल, अश्विन मित्रा और भूपेंद्र-प्रतीक की जोड़ी ने जीते गोल्ड मेडल........, विजेता खिलाड़ी राज्य स्तर पर करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व........


नीरज गुप्ता की विशेष रिपोर्ट 

कोरिया बैकुंठपुर...... कोरिया जिला बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में आयोजित 'कोरिया जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026' के अंडर-19 वर्ग का भव्य और सफल समापन हुआ। इस समापन व पुरस्कार वितरण समारोह में क्षेत्र के प्रतिष्ठित समाजसेवी श्री गोकरण शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। 


प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि श्री गोकरण शुक्ला ने सभी विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर पुरस्कृत किया और उनका उत्साहवर्धन किया।इस चैंपियनशिप के अंडर-19 गर्ल्स सिंगल्स मुकाबले में देवांशी पटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि श्रद्धा घोष रनर-अप (उपविजेता) रहीं। वहीं बॉयज सिंगल्स के बेहद रोमांचक मुकाबले में अश्विन मित्रा ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा किया, जबकि भूपेंद्र कुमार को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। बॉयज डबल्स टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में भूपेंद्र और प्रतीक की जोड़ी ने जबरदस्त तालमेल दिखाते हुए अश्विन और अरिहंत की जोड़ी को सीधे सेटों में शिकस्त दी और गोल्ड मेडल अपनी झोली में डाल लिया। 


इस चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाले ये विजेता खिलाड़ी अब आगामी राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में कोरिया जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री शुक्ला ने कहा कि खेल हमें न सिर्फ शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि हममें अनुशासन और टीम भावना भी पैदा करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं, जरूरी यह है कि खिलाड़ी हर मैच से कुछ नया सीखें और आगे बढ़ें। कोरिया जिले में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, बस उन्हें सही मंच और प्रोत्साहन की आवश्यकता है।


कार्यक्रम के दौरान कोरिया जिला बैडमिंटन संघ द्वारा मुख्य अतिथि श्री गोकरण शुक्ला के बहुमूल्य समय और सहयोग के लिए उन्हें स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इसके बाद बैडमिंटन संघ कोरिया के सचिव श्री नवीन मित्रा ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के संदर्भ में विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने मंच से मुख्य अतिथि का उनके गरिमामयी मार्गदर्शन के लिए विशेष रूप से आभार व्यक्त किया और साथ ही सभी जुझारू प्रतिभागियों, खेल प्रेमियों व सहयोगियों को इस पूरे आयोजन को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया। श्री नवीन मित्रा के इस बेहतरीन और कुशल प्रबंधन के लिए संघ के सदस्यों व खेल प्रेमियों ने उन्हें ढेरों शुभकामनाएं और बधाई दी हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ